चिनहट में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
Laborer dies after coming in contact with high tension line in Chinhat
IPN Live
Lucknow, 16 Oct, 2026 12:54 AMलखनऊ, 15 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। चिनहट थाना क्षेत्र स्थित अलकनंदा साईं फार्म में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक मजदूर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बाराबंकी जिले के देवा कोतवाली क्षेत्र के पोरिया बैरन गांव निवासी देशराज रावत पुत्र छत्रपाल अलकनंदा साईं फार्म में बन रहे मकान की छत पर सरिया बांधने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घायल मजदूर को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#लखनऊ #चिनहट #अलकनंदासाईफार्म #हाईटेंशनलाइन #करंटसेमौत #मजदूरहादसा #बाराबंकी #उत्तरप्रदेश #IPN #AAhmadSaudagar

No Previous Comments found.