LOKSABHA ELECTION 2024 : अपराधिक व्यक्तियों के 478 लाइसेंसी शस्त्र जब्त, 3916 निरस्त कर जमा कराये गये
LOKSABHA ELECTION 2024: 478 licensed weapons of criminal persons seized, 3916 canceled and deposited.
IPN Live
Lucknow, 7 Apr, 2024 04:52 PMलखनऊ, 07 अप्रैल 2024 (आईपीएन)। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है। 16 मार्च, 2024 को लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त, प्रलोभनमुक्त, समावेशी व सुरक्षित मतदान कराने के लिए पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस, आयकर, आबकारी, नार्कोटिक्स एवं अन्य विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। सघन जॉच के लिए 513 अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट तथा 1825 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं। 16 मार्च से 06 अप्रैल, 2024 तक पुलिस विभाग द्वारा अपराधिक व्यक्तियों के 478 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये गये। 3916 लाइसेंसी शस्त्र निरस्त कर जमा कराये गये। इसी प्रकार सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 19,54,003 लोगों को पाबन्द किये जाने हेतु नोटिस प्रेषित किये गये है, जिसमें से 12,35,924 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा 4429 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 4684 कारतूस, 2066.5 किलोग्राम विस्फोटक व 242 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 1392 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 77 केन्द्रों को सीज किया गया।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में 06 अप्रैल को पुलिस विभाग द्वारा 06 लाइसेंसी शस्त्र निरस्त कर जमा कराये गये। सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 76,564 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। साथ ही 223 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 217 कारतूस व 15 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 149 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 04 केन्द्रों को सीज किया गया।

No Previous Comments found.