एयर शो से पहले संवर रही काशी, गंगा घाटों की छटा और शिव प्रतीकों से सजेगा शहर
Kashi is getting spruced up ahead of the air show, with the city adorned with the splendor of the Ganga ghats and Shiva symbols.
IPN Live
Lucknow, 20 Oct, 2026 02:29 AMबाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक सौंदर्यीकरण तेज, दीवारों पर उकेरी जा रही बनारस की सांस्कृतिक विरासत
वाराणसी, 19 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर काशी को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए योगी सरकार ने व्यापक सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवरों, अंडरपास और सार्वजनिक स्थलों को काशी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान के अनुरूप सजाया जा रहा है। दीवारों पर गंगा की लहरें, घाटों के दृश्य, गंगा आरती और सुबहे बनारस की झलक उकेरी जा रही है, जबकि रोशनी और कलात्मक सजावट से पूरे मार्ग को विशेष रूप दिया जा रहा है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि एयर शो के दौरान देश-विदेश से आने वाले लोगों को काशी की समृद्ध विरासत, संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान से परिचित कराने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट, फेसाड पेंटिंग और आकर्षक लाइटिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि मार्ग के किनारे स्थित दीवारों और भवनों पर गंगा घाटों, गंगा आरती, धार्मिक परंपराओं और काशी की सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाने वाले चित्र बनाए जा रहे हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों के साथ काशी के संगीत, कला और नृत्य परंपरा को भी सजावट का हिस्सा बनाया गया है।
नमो घाट मार्ग पर काशी की धार्मिक पहचान को और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए डिवाइडरों पर डमरू, त्रिशूल और ॐ अंकित झंडे लगाए जाएंगे। वहीं, नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें और चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
शहर में एकरूपता और सौंदर्य बढ़ाने के लिए चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एक ही रंग में रंगा जा रहा है। इसके अलावा पेड़ों पर फेसाड लाइटिंग तथा बिजली के खंभों पर स्पाइरल और स्ट्रिप लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे पूरा मार्ग रात के समय विशेष रूप से आकर्षक दिखाई देगा।
वीडीए के अनुसार नमो घाट, गया घाट और चौकाघाट क्षेत्र में भी पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर नमो घाट तक डिवाइडरों पर कलात्मक चित्रकारी और पुलों पर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। कार्य पूर्ण होने के बाद पूरा मार्ग रंगों, रोशनी और सांस्कृतिक प्रतीकों से सुसज्जित दिखाई देगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल एयर शो को भव्य बनाना नहीं, बल्कि काशी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना भी है।
हैशटैग
#Varanasi #Kashi #AirShow2026 #NamoGhat #Banaras #KashiBeauty #YogiGovernment #UPTourism #GangaGhats #CulturalHeritage #SmartCityVaranasi #SpiritualCapital #UPNews #IPNNews #वाराणसी #काशी #एयर_शो #नमो_घाट #गंगा_घाट #काशी_की_शान #उत्तरप्रदेश #पर्यटन #योगी_सरकार #आईपीएन_न्यूज

No Previous Comments found.