KSSSCI लखनऊ और AIIMS रायबरेली के बीच कैंसर उपचार व अनुसंधान को लेकर समझौता

KSSSCI Lucknow and AIIMS Raebareli sign MoU on cancer treatment and research

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 5 Sep, 2026 01:01 PM
KSSSCI लखनऊ और AIIMS रायबरेली के बीच कैंसर उपचार व अनुसंधान को लेकर समझौता
लखनऊ, 5 सितंबर (आईपीएन)। कैंसर उपचार, अनुसंधान एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान (KSSSCI), लखनऊ और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया। इस साझेदारी का उद्देश्य कैंसर देखभाल, सहयोगात्मक अनुसंधान तथा ऑन्कोलॉजी एवं उससे संबंधित विशिष्टताओं में शैक्षणिक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाना है।

समझौते पर KSSSCI, लखनऊ के निदेशक प्रो. मदन लाल ब्रह्मा भट्ट तथा AIIMS, रायबरेली की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. अमिता जैन ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच शिक्षण, प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग की शुरुआत का प्रतीक है।

MoU के तहत ऑन्कोलॉजी सेवाओं के विस्तार, कैंसर की रोकथाम, शीघ्र निदान एवं उपचार के क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा कैंसर रोगियों से संबंधित संयुक्त सामुदायिक कार्यक्रमों एवं क्लिनिकल अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

संयुक्त अनुसंधान और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान

साझेदारी के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं को बढ़ावा देंगे। इसका उद्देश्य अत्याधुनिक ऑन्कोलॉजिकल समाधान विकसित करना तथा कैंसर रोगियों को तृतीयक स्तर की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग करना है।

इसके अलावा, कैंसर की शीघ्र पहचान, निदान एवं उपचार के लिए नवीन तकनीकों के विकास और प्रभावी उपयोग पर भी कार्य किया जाएगा। संयुक्त शिक्षण, प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए वैज्ञानिक विशेषज्ञता तथा संकाय सदस्यों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।

इस अवसर पर KSSSCI, लखनऊ की ओर से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, वित्त अधिकारी श्री उपेंद्र तिवारी, जनरल मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. एस. प्रिया तथा सीनियर रिसर्च ऑफिसर श्री सुरेंद्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे। AIIMS, रायबरेली की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) गौरव त्रिवेदी मौजूद रहे।

यह समझौता कैंसर की रोकथाम, शीघ्र निदान, उन्नत उपचार, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.