KSSSCI : हेड एंड नेक कैंसर मरीजों को मिलेंगी 850 प्रोटीन सप्लीमेंट किट, CSR के तहत एमओयू का विस्तार
KSSSCI : Head and neck cancer patients to receive 850 protein supplement kits, MoU extended under CSR
IPN Live
Lucknow, 5 Nov, 2026 08:39 AMकल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान और दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन के बीच समझौता, मरीजों को दाल और खाद्य तेल भी मिलेगा निःशुल्क
लखनऊ, 5 नवंबर 2026 (आईपीएन)। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में कैंसर मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। संस्थान और दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन, गुरुग्राम के बीच कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत पूर्व में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) का विस्तार किया गया है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट और दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन की ओर से शांतनु सतपथी ने समझौते के विस्तार पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को लगभग 850 प्रोटीन सप्लीमेंट किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्रत्येक मरीज को एक किलोग्राम दाल और एक किलोग्राम खाद्य तेल भी दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में एक वर्ष की अवधि के लिए हुए एमओयू के तहत संस्था ने हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को 960 प्रोटीन सप्लीमेंट किट निःशुल्क उपलब्ध कराई थीं। इनमें कुल 2700 यूनिट प्रोटीन शामिल थीं। इसके अलावा मरीजों को स्वच्छता सामग्री, माउथवॉश और औषधीय किट भी वितरित की गई थीं।
संस्थान के अनुसार, हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को उपचार और उसके बाद फॉलोअप के दौरान पर्याप्त पोषण एवं प्रोटीन की आवश्यकता होती है। उपचार के दौरान कई मरीजों को पोषण संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह पहल उनके पोषण स्तर को बनाए रखने और उपचार के दौरान आवश्यक आहार संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय और कार्यकारी कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया उपस्थित रहे। वहीं, दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन की ओर से पंकज बोकेन और प्रांशु कुशवाहा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
#CancerCare #CancerPatients #HeadAndNeckCancer #CSRInitiative #ProteinSupplement #Healthcare #NutritionSupport #KalyanSinghCancerInstitute #Lucknow #HealthNews #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.