सामाजिक उत्थान में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका : विधानसभा अध्यक्ष

Journalism plays an important role in social upliftment: Assembly Speaker

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 13 Feb, 2026 09:19 AM
सामाजिक उत्थान में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका : विधानसभा अध्यक्ष
लखनऊ, (IPN)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण कर सदन की कार्यवाही को देखा। इस दौरान विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका की विस्तृत एवं प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान की गई।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने सेंट्रल हॉल, दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी तथा विभिन्न समिति कक्षों का अवलोकन किया। विधानसभा अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाते हैं, उन पर चर्चा होती है और तत्पश्चात वे अधिनियम का स्वरूप ग्रहण करते हैं। साथ ही प्रश्नकाल, शून्यकाल तथा सदन की कार्यवाही से संबंधित नियमों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज की आवाज बनना है। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल युग में सूचना का प्रवाह अत्यंत तीव्र है, ऐसे में तथ्यों की पुष्टि और नैतिक मूल्यों का पालन अनिवार्य है।

विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि पुस्तकीय अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन समझ विकसित करने में सहायक होता है।

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि संसदीय पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष को समझाने के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्था को निकट से देखने का अवसर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

शैक्षणिक भ्रमण का समन्वय विभाग के सहायक आचार्य डॉ. हरिओम कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक आचार्य डॉ. योगेंद्र पांडेय सहित पत्रकारिता विभाग के अंतिम वर्ष के 21 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

भ्रमण के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विधानसभा सचिवालय तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.