यूपी में 1200 मतदाताओं पर बनेगा बूथ, सोसाइटी और बहुमंजिली इमारतों में भी खुलेंगे मतदान केंद्र

In UP, polling booths will be set up for every 1,200 voters; polling stations will also be set up in societies and multi-storey buildings.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Oct, 2026 01:31 AM
यूपी में 1200 मतदाताओं पर बनेगा बूथ, सोसाइटी और बहुमंजिली इमारतों में भी खुलेंगे मतदान केंद्र

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को समय-सीमा में त्रुटिरहित व्यवस्था पूरी करने के दिए निर्देश

लखनऊ, 16 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में मतदेय स्थलों का नए सिरे से सम्भाजन 1200 मतदाताओं के मानक पर किया जाएगा। शहरी मतदाताओं की सुविधा के लिए ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी और बहुमंजिली इमारतों के सामुदायिक हॉल में भी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर यह प्रक्रिया समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों के तहत विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों की नई प्रारूप सूची तैयार की जाएगी। इसे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, विधायकों और सांसदों के साथ बैठक कर सूची पर विचार-विमर्श किया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में उपलब्धता के आधार पर बहुमंजिली इमारतों और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के भूतल स्थित सामुदायिक हॉल व सामान्य सुविधा क्षेत्रों में मतदान केंद्र स्थापित करने की कार्यवाही की जाए। इससे आवासीय परिसरों में रहने वाले मतदाताओं को मतदान में सुविधा मिलेगी।

नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदेय स्थलों के सम्भाजन की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की आगामी गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो सकें।

#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #UttarPradesh #CEOUP #NavdeepRinwa #VoterList #PollingStations #ElectionCommission #मतदाता_सूची #निर्वाचन

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.