आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बिहार जा रही बस पलटी, तीन की मौत, 45 घायल

Horrific accident on Agra Expressway: Bus going to Bihar overturns, three dead, 45 injured

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 10 Nov, 2026 12:59 AM
आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बिहार जा रही बस पलटी, तीन की मौत, 45 घायल

पारा में जीरो प्वॉइंट के पास 40 फीट गहरी खाई में गिरी बस, कई बार पलटने से मची चीख-पुकार

राजस्थान के भिवाड़ी से छपरा जा रही थी बस, छठ पर्व पर घर लौट रहे थे यात्री

हादसे की खबर मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे लोकबंधु अस्पताल, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

लखनऊ, 10 नवंबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी लखनऊ के आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए। पारा थाना क्षेत्र में जीरो प्वॉइंट के पास राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस कई बार पलटते हुए करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस संख्या बीआर 28पी 4332 राजस्थान से यात्रियों को लेकर बिहार जा रही थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। सोमवार सुबह पारा क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वॉइंट के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ।

हादसे की आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं। बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अस्पताल भिजवाया।

मृतकों में दो बिहार के छपरा निवासी

पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान छपरा, बिहार निवासी 63 वर्षीय शंकर रज्जक, 43 वर्षीय शामली राय और करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। बस चालक की पहचान छपरा निवासी वीरेश ठाकुर के रूप में बताई गई है। पुलिस अन्य घायलों के नाम और पते की जानकारी जुटा रही है।

छठ पर्व पर घर लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि बस राजस्थान के भिवाड़ी से गोपालगंज निवासी बस मालिक टुनटुन शाह की बस के रूप में छपरा जा रही थी। बस में सवार अधिकांश यात्री छठ पर्व मनाने के लिए अपने-अपने गांव लौट रहे थे। त्योहार से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।

घायलों का हाल जानने पहुंचे डिप्टी सीएम

हादसे की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लोकबंधु अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#Lucknow #AgraExpressway #BusAccident #RoadAccident #Bihar #ChhathPuja #UttarPradesh #BreakingNews #LucknowNews #UPNews #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.