सरयू से गंगा तक गुजरात प्रतिनिधिमंडल की आध्यात्मिक यात्रा, अयोध्या-काशी में किए दर्शन
Gujarat delegation's spiritual journey from Saryu to Ganga, darshan in Ayodhya-Kashi
IPN Live
Lucknow, 29 Nov, 2026 07:34 PMलखनऊ रोडशो के बाद अयोध्या और वाराणसी पहुंचा गुजरात सरकार का प्रतिनिधिमंडल, आध्यात्मिक पर्यटन और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर
मंत्री रमणभाई सोलंकी के नेतृत्व में राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का किया निरीक्षण, 99 प्रतिशत महिलाएं कर रही हैं काम
लखनऊ, 29 नवंबर 2026 (आईपीएन)। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के लखनऊ रोडशो के बाद गुजरात सरकार का प्रतिनिधिमंडल अयोध्या और वाराणसी पहुंचा। गुजरात सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रमणभाई सोलंकी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ भवन में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सरयू के पावन घाटों का अवलोकन किया। इस यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को और मजबूत करना रहा।
छपैया धाम पहुंचकर साझा आध्यात्मिक विरासत को किया नमन
प्रतिनिधिमंडल ने भगवान स्वामिनारायण की जन्मस्थली छपैया धाम पहुंचकर दर्शन किए। गुजरात सहित देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए यह स्थल विशेष धार्मिक महत्व रखता है। भगवान स्वामिनारायण का जन्म और प्रारंभिक जीवन उत्तर प्रदेश में बीता, जबकि उनकी आध्यात्मिक यात्रा और विरासत गुजरात में व्यापक रूप से विकसित हुई। यह दोनों राज्यों के बीच गहरे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है।
काशी में दर्शन के साथ औद्योगिक इकाई का भी किया निरीक्षण
अयोध्या के बाद प्रतिनिधिमंडल वाराणसी पहुंचा। यहां मंत्री रमणभाई सोलंकी ने अहमदाबाद स्थित अरविंद लिमिटेड की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का अवलोकन किया। इस इकाई का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। कंपनी की टीम ने प्रतिनिधिमंडल को प्लांट के संचालन और विनिर्माण क्षमताओं की जानकारी दी।
टीम ने बताया कि इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में 99 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं। इससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। इस दौरान कंपनी की ओर से प्रतिनिधिमंडल को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया।
शाम को प्रतिनिधिमंडल ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की विश्वप्रसिद्ध आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
गुजरात-उत्तर प्रदेश के बीच आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर जोर
प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा में दोनों राज्यों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग की व्यापक संभावनाएं सामने आईं। अयोध्या, छपैया धाम और वाराणसी को गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों द्वारका, सोमनाथ, अंबाजी, डाकोर और स्वामिनारायण तीर्थ केंद्रों से जोड़कर एकीकृत आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही छपैया धाम को गुजरात के श्रद्धालुओं के प्रमुख धार्मिक गंतव्य के रूप में प्रोत्साहित करने, हवाई, रेल और सड़क संपर्क बेहतर बनाने तथा सुविधाजनक तीर्थयात्रा पैकेज विकसित करने की संभावनाओं पर भी बल दिया गया।
दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक उत्सवों, धार्मिक आयोजनों, विरासत संरक्षण और पर्यटन प्रोत्साहन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
आस्था और उद्योग के समन्वय से विकास का संदेश
गुजरात प्रतिनिधिमंडल की अयोध्या और वाराणसी यात्रा ने यह संदेश दिया कि राज्यों के बीच साझेदारी केवल निवेश और औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन को भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
ऐसी संयुक्त पहल से पर्यटन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आर्थिक अवसर बढ़ सकते हैं। साथ ही, भारत को वैश्विक आध्यात्मिक एवं विरासत पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
10 से 12 जनवरी 2027 तक होगा वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट
वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की शुरुआत वर्ष 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। यह गुजरात सरकार का प्रमुख निवेश शिखर सम्मेलन है, जिसमें दुनिया भर के उद्योगपति, निवेशक, नीति-निर्माता और सरकारें भाग लेती हैं। इसका 11वां संस्करण 10 से 12 जनवरी 2027 तक गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित किया जाएगा।
#Gujarat #UttarPradesh #Ayodhya #Varanasi #SpiritualTourism #VibrantGujarat2027 #Investment #Tourism #CulturalHeritage #WomenEmpowerment #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.