लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में चरणजीत गांधी बनीं उपाध्यक्ष, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के स्वागत की भी हुई चर्चा
Gandhi became the vice president in the executive meeting of Lucknow Municipal Corporation, the welcome of astronaut Shubhanshu Shukla was also discussed
IPN Live
Lucknow, 23 Aug, 2025 01:20 AMलखनऊ, (आईपीएन)। नगर निगम लखनऊ में शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई।
बैठक की शुरुआत में सबसे पहले यह निर्णय लिया गया कि हाल ही में अंतरिक्ष यात्रा से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का लखनऊ आगमन पर नगर निगम लखनऊ द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर के नेतृत्व में पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, ताकि पूरे नगर में इस ऐतिहासिक गौरव का उत्सव मनाया जा सके।
इसके बाद सर्वप्रथम कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। इनमें माननीय सदस्य अरुण कुमार राय, पिंकी रावत, राजेश सिंह, राम नरेश चौरसिया, संदीप शर्मा एवं पृथ्वी गुप्ता शामिल रहे।
घोषणा के उपरांत सभी कार्यकारिणी सदस्यों की सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया, जिसमें पार्षद चरणजीत गांधी नगर निगम लखनऊ की माननीय उपाध्यक्ष चुनी गईं।
उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद आयोजित बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, उपाध्यक्ष चरणजीत गांधी तथा कार्यकारिणी सदस्य अनुराग मिश्रा, भृगुनाथ शुक्ला, गौरी साँवरिया, कृष्ण नारायण सिंह, कु. सबा अहसन मंसूरी, अरुण कुमार राय, पिंकी रावत, राजेश सिंह, राम नरेश चौरसिया एवं संदीप शर्मा मौजूद रहे।
बैठक में स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था को सुधारने, पार्कों के सुधार, नालों, पिंक टॉयलेटों की स्थिति बेहतर बनाने, मृतक आश्रितों को समय पर नौकरी दिलाने, बरसात में सड़कों की दुर्दशा सुधारने, सीवर समस्याओं और स्वेज कंपनी के कार्यों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सड़कों पर पैचवर्क कराने के निर्देशों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को दोपहर 2 बजे तक चलाया गया और फिर इसे शनिवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारी, अभियंता, नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम की कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.