वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार हेतु चयनित
Finance and Parliamentary Affairs Minister Suresh Kumar Khanna selected for Outstanding MLA Award
IPN Live
Lucknow, 16 May, 2026 02:19 AM*अध्यक्ष विधानसभा की अध्यक्षता में उत्कृष्ट विधायक समिति की बैठक संपन्न*
लखनऊ, (IPN)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उनके दीर्घ संसदीय अनुभव, संसदीय परंपराओं के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट संसदीय आचरण तथा सदन के संचालन में विशिष्ट योगदान को दृष्टिगत रखते हुए “उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार” हेतु चयनित किया गया है। यह निर्णय आज अध्यक्ष विधानसभा की अध्यक्षता में आयोजित उत्कृष्ट विधायक समिति की बैठक में लिया गया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के अंतर्गत गठित उत्कृष्ट विधायक समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, वरिष्ठ सदस्य विधानसभा रमापति शास्त्री तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री सुरेश बहादुर सिंह उपस्थित रहे।
समिति द्वारा सर्वसम्मति से यह मत व्यक्त किया गया कि सुरेश कुमार खन्ना का संसदीय जीवन अत्यंत समृद्ध एवं अनुकरणीय रहा है। उन्होंने न केवल मंत्री पद पर रहते हुए प्रभावी भूमिका निभाई है, बल्कि विपक्ष में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में भी संसदीय मर्यादाओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य किया है। विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों के सभापति के रूप में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
वर्तमान में संसदीय कार्य मंत्री के रूप में सदन के सुचारु एवं प्रभावी संचालन में उनकी कार्यशैली, संवाद क्षमता एवं संसदीय विषयों पर उनकी गहरी पकड़ को समिति ने विशेष रूप से सराहा। समिति ने कहा कि श्री खन्ना का संसदीय ज्ञान, अनुभव एवं व्यवहारिक दक्षता सदन की गरिमा को निरंतर समृद्ध करती रही है।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि वित्त मंत्री के रूप में सुरेश कुमार खन्ना ने विश्व आर्थिक मंच की दावोस बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व किया तथा वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें “इन्वेस्ट यूपी” के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का दायित्व सौंपा गया, जिसके माध्यम से प्रदेश को बड़े स्तर पर निवेश प्राप्त हुआ।
समिति के सभी सदस्यों ने श्री खन्ना के सार्वजनिक जीवन, संसदीय योगदान एवं प्रशासनिक अनुभव पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्हें “उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार” के लिए सर्वथा उपयुक्त माना तथा सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन किया।
समिति द्वारा चयनित उत्कृष्ट विधायक सम्मान हेतु आगामी समय में विधानसभा सदन के भीतर एक विशेष समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

No Previous Comments found.