LUCKNOW में 5 हजार कंडों से तैयार की गई इको फ्रेंडली होलिका, गोमती आरती के साथ होगा होलिका का दहन
Eco-friendly Holika prepared from 5000 kand in LUCKNOW, Holika will be burnt with Gomti Aarti
IPN Live
Lucknow, 16 Mar, 2022 08:51 PMलखनऊ, 16 मार्च 2022 (आईपीएन)। डालीगंज स्थित प्रतिष्ठित मनकामेश्वर मठ मंदिर में बुधवार 16 मार्च को मनकामेश्वर मठ मंदिर गोमती आरती उपवन में 5 हजार कंडों से विशाल इको फ्रेंडली होलिका तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही वैश्विक मंगल की कामना से होलिका का मंडप भी ऊपर से गोल रखा गया है। उसे सतरंगी कपड़ों और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। सतरंगी छातों के माध्यम से लोगों को कोविड अनुरूप प्रस्तावित सावधानियां अपनाने का संदेश दिया गया है। इसके साथ ही बेल और फूलों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और संतुलन के प्रति भी जागरुक किया जाएगा।
गुरुवार 18 मार्च को पूर्णिमा पर मनकामेश्वर घाट उपवन में शाम 6:30 बजे बनारस की तरह 11 वेदियों से आदि गंगा मां गोमती की भव्य आरती मंत्रोच्चार, शंखनाद, घंटा घडियाल, डमरू वादन के साथ की जाएगी। इससे पहले घाट उपवन में स्थापित मां गोमती की प्रतिमा का पूजन मठ मंदिर की श्रीमहंत देव्यागिरि द्वारा किया जाएगा। उस क्रम में आरती के बाद लगभग 7:30 बजे होलिका का दहन किया जाएगा। ईको फ्रेंडली होलिका में सर्वकल्याण की कामना से कपूर, पान, सुपारी, लौंग, छोटी इलायची, कमल गट्ठे, गुग्गल, चावल, घी, जौ, तिल, जावित्री, जायफल, पीली सरसों, पंच मेवा, सिंदूर, उड़द मोटा, शहद, केला, नारियल गोला, लाल चुन्नी, गिलोय, आम के पत्ते, सरसों का तेल, केसर, लाल चंदन, सफेद चंदन, सतावर, कत्था, भोजपत्र, काली मिर्च, मिस्री, अनारदाना, बूरा, नागर मोथा आदि का प्रयोग किया जाएगा। सांस्कृतिक अनुष्ठान में भगवान की लीला नृत्य के माध्यम से पेश की जाएगी। भजन और फाग गीतों का गायन भी सुनने को मिलेगा। इस क्रम में भक्तगण सतरंगी होली शनिवार 19 मार्च को खेलेंगे।

No Previous Comments found.