जनता दर्शन में सीएम योगी ने महिला को दिया पति के इलाज का भरोसा, विवेकाधीन कोष से मिलेगी मदद
During Janta Darshan, CM Yogi assured the woman that her husband would be treated and that help would be provided from the discretionary fund.
IPN Live
Lucknow, 1 Nov, 2026 03:24 PMकहा- घबराइए मत, उपचार में नहीं आने देंगे कोई दिक्कत | करीब 150 लोगों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 1 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंची एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने महिला से पति के अब तक हुए उपचार की जानकारी ली और उसे भरोसा दिलाते हुए कहा, "घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। इसके लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।"
मुख्यमंत्री ने एक अन्य बीमार महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए। जनसमस्याओं पर अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करें। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।
अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं के बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलार किया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
#जनतादर्शन #सीएमयोगी #योगीआदित्यनाथ #गोरखपुर #मुख्यमंत्री #जनसमस्याएं #UPNews #Gorakhpur #YogiAdityanath #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.