दृष्टांत मीडिया के संपादक अनूप गुप्ता की माताजी ‘अम्मा’ नहीं रहीं
Drishtant Media editor Anoop Gupta's mother 'Amma' is no more
IPN Live
Lucknow, 22 May, 2025 11:20 AMलखनऊ, (आईपीएन)। दृष्टांत मीडिया समूह के प्रधान संपादक अनूप गुप्ता की पूज्य माताजी श्रीमती शकुंतला गुप्ता (अम्मा) का बुधवार की रात निधन हो गया। उम्र 85 वर्ष थी, लेकिन हृदय और आत्मा में अपार ऊर्जा और स्नेह समाहित था।
यह महज एक संयोग नहीं, बल्कि जीवन की एक मार्मिक पुनरावृत्ति है कि ठीक 23 वर्ष पहले, 21 मई को ही अनूप जी के पूज्य पिताश्री राजेश्वर प्रसाद गुप्ता का भी देहावसान हुआ था। आज फिर वही तारीख, वही शोक की अनुभूति।
अम्मा का जीवन संघर्ष और स्नेह का अनुपम संगम रहा। पति के निधन के बाद उन्होंने पूरे परिवार को न केवल सँभाला, बल्कि अनुशासन और आत्मबल के साथ जीवन जीने की राह दिखाई। दृष्टांत परिवार ही नहीं, हर आगंतुक को वे स्नेह से “लल्ला” कहकर बुलाती थीं—उनके शब्दों में आत्मीयता ऐसी कि अजनबी भी उनके पास बैठकर अपनों जैसा महसूस करता।
दृष्टांत मीडिया हाउस के कर्मी बताते हैं कि अम्मा बिना चश्मे के अख़बार पढ़ती थीं, देश-दुनिया की खबरों में रुचि रखती थीं और कार्यालय में आकर सहज भाव से संवाद करती थीं। उनकी उपस्थिति किसी मार्गदर्शक और अभिभावक की तरह रही।
अनुश्री मीडिया हाउस, जो अब सिर्फ कार्यालय नहीं, एक स्मृति स्थल बन चुका है—अम्मा की कहानियाँ, उनके शब्द, उनका स्नेह, सबकुछ अब स्मृतियों में दर्ज रह जाएगा।
पिछले पंद्रह दिनों से केजीएमयू के शताब्दी फेज-2 अस्पताल में डॉक्टर वेद प्रकाश और उनकी टीम लगातार प्रयासरत रही, परंतु ईश्वर की इच्छा के आगे सब नतमस्तक हो गए।
दृष्टांत परिवार ने अम्मा को भारी मन से अंतिम विदाई दी। आज हर वह व्यक्ति शोकग्रस्त है, जिसने जीवन में कभी अम्मा का स्नेह पाया हो।
अम्मा की स्मृति और संघर्षशील जीवन दृष्टांत मीडिया के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेगा।

No Previous Comments found.