घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराएंगे: सीएम योगी
Don't panic, we will solve every problem: CM Yogi
IPN Live
Lucknow, 10 Aug, 2026 08:09 PMजनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनीं करीब 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 10 अगस्त (IPN)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनकी शिकायतें जानीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और पूछा, “कहां से आए हैं, क्या बात है?” फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान या घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद निस्तारण किया जाए। जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन की कमी इलाज में बाधक नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट लेकर उसकी प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया।
#YogiAdityanath #CMYogi #Gorakhpur #JantaDarshan #UttarPradesh #UPGovernment #GorakhnathMandir #जनतादर्शन #योगीआदित्यनाथ #गोरखपुर

No Previous Comments found.