मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए विजन और समर्पण चाहिए, परिवारवादियों ने सैफई तक सोचा, हमने 25 करोड़ जनता को परिवार माना: योगी

Development doesn't happen by showing Mungerilal's dreams, it requires vision and dedication. The familyists even thought about Saifai, but we considered 25 crore people as our family: Yogi

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 27 Nov, 2026 08:15 PM
मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए विजन और समर्पण चाहिए, परिवारवादियों ने सैफई तक सोचा, हमने 25 करोड़ जनता को परिवार माना: योगी

गोंडा, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। विकास के लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन चाहिए। पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को माफिया और उपद्रव प्रदेश बनाकर युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। आज वही उत्तर प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगा मुक्त होकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। जिनकी सोच केवल परिवार तक सीमित थी, उन्होंने सैफई तक सोचा, जबकि हमारी सरकार ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर उसकी तकदीर बदलने के लिए पूरी ताकत लगाई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। युवाओं को इस तकनीक का इस्तेमाल अपने भविष्य को संवारने में करना चाहिए। रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दें। टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखिए। सपने बड़े होने चाहिए और उन्हें पूरा करने के अनुरूप परिश्रम की क्षमता भी होनी चाहिए। जब आप चार्ज रहेंगे तभी नकारात्मक शक्तियां डिस्चार्ज होंगी और आपका भविष्य सुपरचार्ज होगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा और देवीपाटन मंडल की तस्वीर पिछले साढ़े नौ वर्षों में बदली है। 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। देवीपाटन शक्तिपीठ तक पहुंचने वाली सड़कें बेहद खराब थीं। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिले विकास की दौड़ में काफी पीछे थे। नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में एक ही मंडल के तीन जनपद शामिल थे। प्रति व्यक्ति आय के लिहाज से भी ये जिले प्रदेश के पिछड़े क्षेत्रों में गिने जाते थे।


उन्होंने कहा कि आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है और बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित है। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है तथा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। थारू संग्रहालय और बेहतर सड़कें इस क्षेत्र के विकास की नई पहचान हैं। डबल इंजन सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले देवीपाटन मंडल के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हो चुका है और जल्द ही हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने जा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करके यहां आए हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। समाजवादी पार्टी की चार और बहुजन समाज पार्टी की तीन सरकारों के कुल सात कार्यकालों में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र अकेले भाजपा सरकार ने वितरित किए हैं। नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है, जबकि टैबलेट उनके टैलेंट को मंच उपलब्ध कराने का माध्यम है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से टैबलेट में 18 हजार से अधिक शैक्षिक कंटेंट और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थी एक क्लिक पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह डिवाइस युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ डिजिटल उद्यमी बनने में भी मदद करेगी। आईआईएम लखनऊ की स्टडी में सामने आया कि इन उपकरणों के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम होने में मदद मिली।


उन्होंने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनी क्षमता बढ़ाने का उपकरण बनाएं, न कि उसे अपने दिमाग पर हावी होने दें। हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले फैक्ट चेक जरूर करें और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखें। इस टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए।


पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था जर्जर थी। स्कूलों में भवन और शिक्षकों का अभाव था तथा नकल, भूमि, खनन, शराब और वन माफिया पूरे सिस्टम पर हावी थे। पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी- वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया। आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त है। अब यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा-यूपी में सब चंगा' की स्थिति है।


उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूलों और इंटर कॉलेजों के जर्जर भवनों को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, फर्नीचर, खेल मैदान और बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ने का मंच मिला है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में मुश्किल से 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो चुकी है। स्टार्टअप इकोसिस्टम ने युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बनाया है। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में भी युवा और बेटियां स्टार्टअप का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी नेताओं से सवाल किया कि जब वे सत्ता में थे, तब युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया? आज घोषणाएं करने से पहले उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पहचान का संकट पैदा करने वाले लोग एक बार फिर युवाओं के पास प्रमाणपत्र लेकर पहुंचने का प्रयास करेंगे। राम मंदिर निर्माण के मार्ग में बाधाएं खड़ी करने वाले लोग अपनी कुर्सी बचाने के लिए नोएडा जाने से बचते थे। नोएडा को लूट-खसोट का माध्यम बना दिया गया था। आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण निवेश के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। पिछली सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी। हमने अवैध ठिकानों को ध्वस्त किया और आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण हो रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस की ताकत दुनिया ने देखी।


उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा। जो युवा जापान और जर्मनी जाना चाहेंगे, उन्हें सरकार अपने खर्च पर संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण दिलाकर विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।


मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बाराबंकी-बहराइच चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के लिए भारत सरकार ने सात हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गोंडा-लखनऊ मार्ग का चौड़ीकरण, जरवल रोड के पास घाघरा नदी पर चार लेन पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर और गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर के विकास से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। रुपईडीहा में लैंड पोर्ट और औद्योगिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर के साथ कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल होना चाहिए। मतदान अधिकार के साथ नैतिक कर्तव्य भी है। युवा साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य रखा है। उस समय आज के युवा ही देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा से उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर एवं विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित होगा।


इस अवसर पर गोंडा के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, सांसद बहराइच आनंद कुमार गोंड, विधायक सुभाष त्रिपाठी, बावन सिंह, कैलाश नाथ शुक्ला, रमापति शास्त्री, सुरेश्वर सिंह, प्रेम नारायण पांडे, अनुपमा जायसवाल, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, पलटूराम, अजय कुमार, सरोज सोनकर, रामनिवास वर्मा, राम प्रताप वर्मा और राम फेरन पांडे सहित विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह मंजू, प्रज्ञा त्रिपाठी, पदमसेन चौधरी तथा भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने मंच पर वितरित किए टैबलेट


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर टैबलेट प्रदान किए। इनमें गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस, महाराजगंज की मानवी पांडेय, बहराइच की अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह, श्रावस्ती की रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी शामिल रहे।


#YogiAdityanath #DigitalEducation #YouthEmpowerment #TabletDistribution #DeviPatan #Gonda #Bahraich #Balrampur #Shravasti #UPDevelopment #StartupIndia #SkillDevelopment #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.