साइबर सुरक्षा कार्यशाला में विधायकों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की सीख
Cybersecurity workshop teaches MLAs responsible use of social media
IPN Live
Lucknow, 20 Aug, 2026 06:47 PMविधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने जनप्रतिनिधियों से सोशल मीडिया पर सतर्कता, संयम और धैर्य बनाए रखने का किया आह्वान
फर्जी अकाउंट, डिजिटल ठगी और ऑनलाइन पहचान की सुरक्षा पर साइबर विशेषज्ञ ने दिए सुझाव
साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के लिए सभी विधायकों को उपलब्ध कराई जाएगी एसओपी
लखनऊ, 20 अगस्त (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से होटल सेन्ट्रम में आयोजित ‘साइबर सुरक्षा : ए डिजिटल सिक्योरिटी ब्रीफिंग फॉर लेजिस्लेटर्स’ कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोशल मीडिया के दौर में जनप्रतिनिधियों से सतर्कता, संयम और धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं से प्रभावित न हों जनप्रतिनिधि: सतीश महाना
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति को अपने मूल स्वभाव को कभी नहीं बदलना चाहिए। उन्होंने विधायकों से धैर्य बनाए रखने और सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं से प्रभावित हुए बिना अपने दायित्वों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दो-चार नकारात्मक टिप्पणियां आने से हताश होने की आवश्यकता नहीं है। कई बार लोग जनप्रतिनिधियों को उकसाने का प्रयास करते हैं, लेकिन ऐसी स्थिति में संयम बनाए रखते हुए अपने कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
जनता से संवाद का प्रभावी माध्यम बने सोशल मीडिया
विधानसभा अध्यक्ष ने चुनाव में सफलता के लिए भी जनप्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जनता से निरंतर संवाद, क्षेत्र में सक्रियता, सकारात्मक व्यवहार और अपने कार्यों के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत होती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनता से संवाद करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के माध्यम के रूप में भी इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
फर्जी खातों और डिजिटल ठगी से बचाव के बताए तरीके
कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे ने विधायकों को सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान सदस्यों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी खातों, नकारात्मक टिप्पणियों, डिजिटल ठगी और ऑनलाइन पहचान की सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे।
साइबर विशेषज्ञ ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आवश्यक सावधानी बरतने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए।
साइबर सुरक्षा के लिए तैयार होगी एसओपी
कार्यक्रम के दौरान निर्णय लिया गया कि साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग से संबंधित एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार कर सभी विधायकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
एसओपी में साइबर सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश, सावधानियां और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी शामिल होगी। इससे जनप्रतिनिधि डिजिटल माध्यमों का अधिक सुरक्षित और प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेंगे।
कई मंत्री और विधायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव सहित अन्य विधायक मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, अभय सिंह, रमेश जायसवाल और सुचिस्मिता मौर्या ने भी अपने विचार रखे। इसके अलावा विमलेश पासवान, प्रेम सागर पटेल, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, विवेकानंद पाण्डेय, रमेश चंद्र मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव और पंचानन पाठक सहित अन्य सदस्यों ने कार्यशाला में सहभागिता की।
कार्यशाला का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। बदलते डिजिटल परिवेश में जनप्रतिनिधियों की साइबर सुरक्षा मजबूत करने और तकनीकी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उन्हें तैयार करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
#CyberSecurity #CyberCrime #DigitalSecurity #SocialMediaSafety #UPAssembly #SatishMah110 #SatishMah110? #SatishMahana #UttarPradeshAssembly #Legislators #DigitalIndia #CyberAwareness #SocialMedia #CyberSafety #Lucknow #UPNews #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.