शिक्षक दिवस पर 81 शिक्षकों को पुरस्कृत करेंगे मुख्यमंत्री योगी

Chief Minister Yogi will reward 81 teachers on Teachers' Day.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 5 Sep, 2026 04:32 AM
शिक्षक दिवस पर 81 शिक्षकों को पुरस्कृत करेंगे मुख्यमंत्री योगी

76 शिक्षकों को मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार, 5 को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार

शनिवार को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होगा भव्य समारोह

गोरखपुर, 4 सितंबर (आईपीएन)। भावी पीढ़ी को गढ़ने, शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करने और शिक्षण कार्य को नई दिशा देने वाले प्रदेश के 81 उत्कृष्ट एवं कार्य के प्रति समर्पित शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। 5 सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025’ एवं ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025’ प्रदान करेंगे।

पुरस्कार के लिए चयनित कुल 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक हैं, जिनमें 31 बेसिक शिक्षा विभाग तथा 2 माध्यमिक शिक्षा विभाग से हैं।

शिक्षक दिवस समारोह में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुल 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं, स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही की थी।

### प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि

राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह तथा 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में दो वर्ष की वृद्धि की जाएगी।

राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में ठहराए गए चयनित शिक्षक

पुरस्कार प्राप्त करने के लिए प्रदेशभर से गोरखपुर पहुंचे सभी चयनित शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था शासन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में होटलों में की गई है। शनिवार को आयोजित शिक्षक दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी तथा बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह भी संबोधित करेंगे।

समारोह में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर के सांसद रविकिशन सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

#TeachersDay #TeachersDay2026 #TeacherAward #StateTeacherAward #CMYogi #YogiAdityanath #UttarPradesh #Gorakhpur #Education #SchoolEducation #BasicEducation #SecondaryEducation #Teacher सम्मान #UPNews #IPN #IPNLive #PRACHARNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.