मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, निकाली तिरंगा यात्रा
Chief Minister Yogi Adityanath launched the 'Tiranga in every home' campaign in Lucknow and took out a Tiranga Yatra.
IPN Live
Lucknow, 9 Aug, 2026 09:21 PMलखनऊ, 09 अगस्त 2026 (आईपीएन)। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों एवं प्रदेशवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम का सामूहिक गान भी हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि हर घर पर तिरंगा फहराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैनिकों और संविधान निर्माताओं को नमन किया।
शहीदों के प्रति कृतज्ञता का अवसर है तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम का मंत्र देश के हर युवा के लिए प्रेरणा है।
योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1925 में आज ही के दिन पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
‘राष्ट्र प्रथम’ हर युवा के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रतिभा और ऊर्जा का प्रतीक है तथा देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसा मंच मिलना चाहिए, जहां वे पारंपरिक शिक्षा के साथ देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी स्वयं को तैयार कर सकें।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में करीब 25 से 30 हजार युवा तिरंगा यात्रा में शामिल होकर बलिदानी क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रभक्ति और देश के लिए बलिदान देने वाले हुतात्माओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
‘भारत के प्रतीकों का अपमान स्वीकार नहीं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और भारत में रहकर देश के राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
योगी ने कहा कि तिरंगे को घर-घर तक पहुंचाने के लिए नियमों में बदलाव किया गया है, जिससे अब प्रत्येक भारतीय अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का दिखा संगम
मुख्यमंत्री के आह्वान पर तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संगम देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता देशभक्ति गीतों के बीच मुख्यमंत्री के साथ विधान भवन की ओर बढ़े। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंज उठा।
विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुब्बारा उड़ाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, ब्रजलाल, संजय सेठ, विधायक नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#HarGharTiranga #TirangaYatra #YogiAdityanath #UPCM #AugustKrantiDiwas #Lucknow #JaiHind #VandeMataram #RashtraPratham #BJP #Tiranga #IPN

No Previous Comments found.