भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यूपी में दो दिवसीय दौरा 24 अगस्त से

Chief Election Commissioner of India Gyanesh Kumar's two-day visit to UP from August 24

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 23 Aug, 2026 01:26 AM
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यूपी में दो दिवसीय दौरा 24 अगस्त से
ELC 2.0 एवं ECINET के क्षेत्रीय सम्मेलन में करेंगे प्रतिभाग, BLOs के साथ करेंगे सीधा संवाद

लखनऊ, 22 अगस्त, 2026 (आईपीएन)। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधिमंडल 24 एवं 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दो दिवसीय दौरे का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ ही युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना तथा निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ संवाद कर उनके अनुभवों एवं सुझावों को जानना है।

24 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रारंभिक शिक्षा कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में हुई है। इसके बाद वह लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 एवं ECINET के एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।

प्रदेश में ELC एवं ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों में लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत लखनऊ में होने वाले सम्मेलन में 20 जनपदों—शाहजहाँपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोण्डा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर तथा उन्नाव—के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे।

इन 20 जनपदों के 120 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1,500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक एवं कौशल विकास, प्राविधिक शिक्षा तथा चिकित्सा शिक्षा विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

ELC 2.0 के जरिए युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर

भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

सूचना एवं संचार के बदलते परिवेश तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए अब ELC कार्यक्रम को ELC 2.0 के रूप में पुनर्परिभाषित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ELCs को वर्षभर सक्रिय, अनुभवात्मक एवं डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करना है।

सम्मेलन को अधिक अनुभवात्मक एवं सहभागी बनाने के लिए तीन स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी लाइव डेमो के माध्यम से दी जाएगी।

इसके साथ ही ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम और नए ELC पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों की ELC 2.0 में ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। निर्वाचन आयोग की विभिन्न पहलों, नवाचारों एवं महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

सम्मेलन में ELC 2.0 के विजन, मिशन, प्रमुख विशेषताओं एवं कार्य ढांचे के साथ भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया और ECINET प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

भावी मतदाताओं को पंजीकरण के लिए किया जाएगा प्रेरित

मतदाता साक्षरता क्लबों के माध्यम से ऐसे छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो मतदाता के रूप में पंजीकरण की पात्रता प्राप्त कर चुके हैं अथवा निकट भविष्य में पात्र होने वाले हैं। इसके साथ ही युवाओं में अपने मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार सहभागिता की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

25 अगस्त को करीब 500 BLOs से सीधा संवाद

मुख्य निर्वाचन आयुक्त दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के मॉर्स हॉल में लखनऊ एवं आसपास के जनपदों के करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ सीधा संवाद करेंगे।

बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन तंत्र और मतदाता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मतदाता सूची को अद्यतन रखने, पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने, मतदाताओं से घर-घर संपर्क करने तथा मृत, स्थानांतरित एवं अन्य आवश्यक प्रविष्टियों का जमीनी स्तर पर सत्यापन करने में BLOs की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ संवाद के दौरान BLOs अपने जमीनी अनुभव, कार्य के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को और बेहतर बनाने से जुड़े सुझाव साझा करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय कार्यक्रम एक ओर विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, वहीं दूसरी ओर बूथ लेवल अधिकारियों के जमीनी अनुभवों एवं सुझावों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में सार्थक संवाद का मंच बनेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य चरणों में भी ELC एवं ECINET के क्षेत्रीय सम्मेलन इसी प्रकार आयोजित किए जाएंगे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.