यूपी में दिखता है बदलाव, मजबूत नेतृत्व से कानून-व्यवस्था में बढ़ा लोगों का भरोसा : नाना पाटेकर

Change is visible in UP, people's faith in law and order has increased due to strong leadership: Nana Patekar

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 17 Aug, 2026 04:03 AM
यूपी में दिखता है बदलाव, मजबूत नेतृत्व से कानून-व्यवस्था में बढ़ा लोगों का भरोसा : नाना पाटेकर

लखनऊ, 16 अगस्त (आईपीएन)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि करीब 25 करोड़ की आबादी और विविधताओं वाले उत्तर प्रदेश में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आसान नहीं है। इसके लिए मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के थीम गीत ‘खाकी का सितारा’ के विमोचन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए नाना पाटेकर ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है और इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस को आधुनिक संसाधन और नई तकनीक मिली

नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक संसाधन, नई तकनीक और आत्मविश्वास मिला है। इससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में उन्होंने उत्तर प्रदेश में उल्लेखनीय बदलाव देखा है। लोगों का कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है और प्रशासनिक व्यवस्था में भी सुधार दिखाई देता है। सरकार की कार्यशैली में निर्णय लेने की स्पष्टता नजर आती है।

नाना पाटेकर ने कहा कि पुलिस जितनी आधुनिक होगी, नागरिक उतना सुरक्षित महसूस करेगा और नागरिक जितना जागरूक होगा, अपराधियों के लिए अपराध करना उतना ही मुश्किल होगा।

साइबर अपराध और ‘डिजिटल अरेस्ट’ पर जताई चिंता

अभिनेता ने साइबर अपराध और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए खतरों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध आज गंभीर चुनौती बन चुका है और इसका शिकार कोई भी व्यक्ति हो सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल के जरिए डराने या पैसे मांगने का प्रयास करे तो तत्काल सतर्क हो जाएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार केवल तकनीक नहीं, बल्कि लोगों का डर है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से डिजिटल अरेस्ट के प्रति जागरूकता के लिए बनाई गई फिल्म की भी सराहना की। नाना पाटेकर ने कहा कि यदि कलाकारों की भागीदारी से किसी परिवार की जीवनभर की कमाई बचाई जा सके या किसी बुजुर्ग को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके तो इससे बड़ा सामाजिक योगदान नहीं हो सकता।

पुलिसकर्मियों के पास ‘रीटेक’ का मौका नहीं

नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और जवानों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के पास फिल्मों की तरह ‘रीटेक’ का अवसर नहीं होता। उन्हें कठिन परिस्थितियों में तत्काल निर्णय लेना पड़ता है और यही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस जनता के भरोसे को आगे भी कायम रखेगी और प्रदेश को अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

#ipnlive #ipnnews #ipn #NanaPatekar #YogiAdityanath #UttarPradeshPolice #UPPolice #KhakiKaSitara #LawAndOrder #CyberCrime #DigitalArrest #Lucknow #UttarPradesh

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.