भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ जनगणना संबंधी संवाद कार्यक्रम
Census related dialogue program organized at Bhatkhande University of Culture
IPN Live
Lucknow, 20 May, 2026 03:07 AMलखनऊ, (IPN)। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के जयशंकर प्रसाद सभागार में मंगलवार को जनगणना कार्य के संबंध में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनगणना की प्रक्रिया एवं “स्व-गणना” (Self Enumeration) की विधि के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनगणना की असिस्टेंट डायरेक्टर, उपासना गिरी उपस्थित हुईं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधा हेतु स्व-गणना की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके अंतर्गत नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट www.se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में कुछ आवश्यक जानकारियाँ भरनी होती हैं। संपूर्ण फॉर्म भरने के पश्चात नागरिक को एक 11 अंकों की यूनिक आईडी प्राप्त होती है।
उपासना गिरी ने यह भी स्पष्ट किया कि जब जनगणना कर्मी घर पर आएंगे, तब नागरिकों को केवल यह 11 अंकों की आईडी साझा करनी होगी, जिससे उनकी जानकारी तुरंत सत्यापित हो जाएगी और समय की बचत होगी।
इस अवसर पर स्व-गणना के प्रमुख लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह प्रक्रिया न केवल सरल और समय-संवेदनशील है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े किसी भी शहर, जिले, राज्य एवं पूरे देश के समुचित विकास एवं योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं की बेहतर योजना बनाई जा सकती है।
कार्यक्रम में सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे जनगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और स्व-गणना की प्रक्रिया को अपनाते हुए देश एवं समाज की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की नोडल जनगणना अधिकारी डॉ. मंजुला पंत के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जनगणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यम से इसे सरल और सुलभ बनाना है। उपस्थित प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी बताया।

No Previous Comments found.