सीएम योगी का सिंगापुर दौरा : टेमासेक के चेयरमैन ने सीएम योगी से की मुलाकात, यूपी में निवेश को जताई उत्सुकता
CM Yogi's Singapore visit: Temasek Chairman meets CM Yogi, expresses interest in investing in UP
IPN Live
Lucknow, 24 Feb, 2026 06:41 PMअवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर और कौशल विकास में निवेश के नए द्वार खुलने की उम्मीद
मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात में वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी पर हुई चर्चा
सिंगापुर दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशी निवेशकों व कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से की अहम मुलाकात
सिंगापुर/लखनऊ, (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन विभिन्न विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में राज्य में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विविध आयामों पर विस्तृत चर्चा हुई। पहले दिन मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स (Temasek Holdings) के चेयरमैन टियो ची हीन (Teo Chee Hean) और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में निवेश पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने यूपी में दिया निवेश का आमंत्रण
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने टेमासेक को उत्तर प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास व अन्य सम्बद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। बैठक में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स (Manipal Hospitals) द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश तथा असेंडास (Ascendas) द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास हेतु करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। यह निवेश प्रदेश में स्वास्थ्य एवं औद्योगिक अवसंरचना को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
डाटा सेंटर, कौशल विकास समेत अन्य सेक्टर्स में निवेश पर बनी सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर सहमति व्यक्त की। यह सहयोग उत्तर प्रदेश की भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण तथा व्यापक रोजगार सृजन की परिकल्पना के अनुरूप होगा, जिससे राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त और आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने निवेशकों के समक्ष उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और तेजी से उभरते लॉजिस्टिक्स हब के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राज्य सरकार उद्योगों को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और तकनीकी क्षमता का विकास हो सके।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश की नई संभावनाएं खुलेंगी और राज्य को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में गति मिलेगी। गौरतलब है कि राज्य में निवेश प्रोत्साहन की इसी मुहिम के तहत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इस समय यूरोप के दौरे पर हैं।

No Previous Comments found.