अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, परमहंस रामचंद्र दास महाराज की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

CM Yogi arrives in Ayodhya, pays tribute to Paramahamsa Ramchandra Das Maharaj on his death anniversary

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 15 Aug, 2026 01:00 AM
अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, परमहंस रामचंद्र दास महाराज की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

अयोध्या, 14 अगस्त (आईपीएन)। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने ब्रह्मलीन महंत परमहंस रामचंद्र दास महाराज की 23वीं पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पार्चन किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


मुख्यमंत्री ने सरयू अतिथि गृह से रामकथा पार्क स्थित परमहंस रामचंद्र दास महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचकर विधिवत पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु मौजूद रहे।


परमहंस रामचंद्र दास महाराज श्रीराम जन्मभूमि न्यास के प्रथम अध्यक्ष रहे और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। गोरक्षपीठ के ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के साथ वे रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी उनसे आत्मीय संबंध रहा है।


हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के किए दर्शन


समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां उन्होंने बजरंगबली के दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी स्थित इमली बाग पहुंचकर स्वर्गीय महंत संत रामदास को श्रद्धांजलि अर्पित की।


रामलला के दरबार में किए दर्शन-पूजन


हनुमानगढ़ी से मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।


23वें पुण्य स्मृति महोत्सव में हुए शामिल


रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ दिगंबर अखाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास महाराज के 23वें पुण्य स्मृति महोत्सव में सहभागिता की।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत-महंतों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में संत समाज की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


संत रविदास मंदिर में अर्पित की पुष्पांजलि


मुख्यमंत्री ने रायगंज स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर संत रविदास को नमन किया। उन्होंने मंदिर के स्वर्गीय महंत पूज्य बनवारी पति ब्रह्मचारी को भी पुष्पांजलि अर्पित की।


मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न धार्मिक स्थलों पर मुख्यमंत्री ने दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।


#YogiAdityanath #CMYogi #Ayodhya #RamMandir #Ramlalla #Hanumangarhi #ParamhansRamChandraDas #SantRavidas #Gorakshpeeth #AyodhyaDham #UttarPradesh #ipnlive #ipnnews #ipn

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.