पीआरडी जवानों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, अब मिलेगा 600 रुपये ड्यूटी भत्ता और सपरिवार मुफ्त इलाज

CM Yogi Adityanath's big gift to PRD jawans: They will now receive a duty allowance of Rs 600 and free treatment for their families.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 19 Aug, 2026 12:41 AM
पीआरडी जवानों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, अब मिलेगा 600 रुपये ड्यूटी भत्ता और सपरिवार मुफ्त इलाज

पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा

31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास

गोरखपुर, 18 अगस्त (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ी सौगात देते हुए उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। गोरखपुर में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये के स्थान पर 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की योजना का भी शुभारंभ किया गया।

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में सीएम योगी ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

चौथी बार बढ़ाया गया पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों को वर्ष 2019 तक केवल 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये और वर्ष 2022 में 395 रुपये किया गया। वर्ष 2025 में भत्ते को बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया था।

अब मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भत्ता बढ़ाने की घोषणा करते हुए इसे 600 रुपये प्रतिदिन करने का ऐलान किया।

सीएम योगी ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों को करीब 75 वर्षों तक केवल 250 रुपये तक का दैनिक भत्ता मिलता रहा, जबकि पिछले आठ वर्षों में ही यह 250 रुपये से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है। यह वृद्धि 100 प्रतिशत से भी अधिक है।

कानून-व्यवस्था से आपदा प्रबंधन तक पीआरडी की महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने में पुलिस और प्रशासन के सहयोग के लिए पीआरडी स्वयंसेवक समर्पण भाव से अपनी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, जबकि आज उनकी उपयोगिता और भूमिका को समझे जाने के बाद ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति हो या महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक संचालन में सहयोग, चुनाव ड्यूटी या प्रशासन-पुलिस के अन्य कार्य—पीआरडी जवानों ने अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

अब हर साल पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज

सीएम योगी ने पीआरडी स्वयंसेवकों के प्रदेश की प्रगति में योगदान, समर्पण और सेवाभाव के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार अब उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध करा रही है।

‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ के तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को किसी भी सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पताल में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

पीआरडी जवानों की संख्या को उनके परिवार के लिहाज से औसत रूप में देखें तो इस योजना से 1.55 लाख से अधिक सदस्य लाभान्वित होंगे।

सीएम योगी के नेतृत्व में कई गुना बढ़ा पीआरडी का बजट : डॉ. तोमर

सम्मेलन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी के जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के मजबूत आधार हैं।

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद वर्ष 2017 से पहले पीआरडी का बजट मात्र 23 करोड़ रुपये था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसमें कई गुना वृद्धि की गई है और आज पीआरडी का बजट बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है।

10 स्वयंसेवकों को मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड

पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से 10 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड प्रदान किए।

इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

जनसेवा में पीआरडी की भूमिका को मिल रहा सम्मान

पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए दैनिक ड्यूटी भत्ते में लगातार वृद्धि और अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने से उनके सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। सरकार का जोर पीआरडी जवानों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ आपदा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाने पर है।

इस अवसर पर जिला पंचायत की प्रशासक साधना सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल और सरवन निषाद, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, पीआरडी विभाग के सचिव सुहास एलवाई, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

#ipnlive #ipnnews #ipn #PRD #PRDJawan #PrantiyaRakshakDal #YogiAdityanath #YogiGovernment #Gorakhpur #UttarPradesh #UPNews #CashlessTreatment #Healthcare #PRDBhatta #PublicService #LawAndOrder #DisasterManagement #Lucknow

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.