उत्तराखंड के मेधावी छात्रों ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण
Brilliant students from Uttarakhand visited the Uttar Pradesh Assembly.
IPN Live
Lucknow, 22 Sep, 2026 08:40 AMलखनऊ, 22 सितम्बर (आईपीएन)। उत्तराखंड के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में 60 मेधावी छात्र-छात्राओं के एक दल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी परंपराओं तथा आधुनिक संसदीय व्यवस्थाओं को नजदीक से समझा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा पहुंचने पर दल का स्वागत किया गया। हेड मार्शल मनीष राय ने छात्र-छात्राओं को विधानसभा भवन का विस्तृत भ्रमण कराया। उन्होंने सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल, विधेयक पारित करने की प्रक्रिया, जनप्रतिनिधियों की भूमिका तथा विधानसभा की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन के महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन कर उसकी ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक विशेषताओं को जाना।
भ्रमण के दौरान छात्रों को उत्तर प्रदेश विधानसभा में किए गए आधुनिकीकरण कार्यों, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा ई-विधान प्रणाली से भी परिचित कराया गया। उन्हें बताया गया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुगम बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्थाओं से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। इससे उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधि संस्थाओं के प्रति समझ और जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित करते हैं।
मेधावी छात्र-छात्राओं ने विधानसभा भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और यादगार अनुभव बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस अवसर से उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का मौका मिला, जो उनके शैक्षणिक और बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।
-आईपीएन
#UPVidhanSabha #UttarPradeshAssembly #Devprayag #Uttarakhand #StudentVisit #MeritoriousStudents #Democracy #Constitution #CivicEducation #YouthEmpowerment #DigitalAssembly #EVidhan #Lucknow #Education #StudentExposure #FutureLeaders #IndiaDemocracy #UPNews #EducationNews #IPNNews

No Previous Comments found.