बाराबिरवा मंडी अग्निकांड: महापौर ने किया निरीक्षण, पुनर्वास के दिए निर्देश
Barabirwa Mandi fire incident: Mayor inspected and gave instructions for rehabilitation
IPN Live
Lucknow, 11 Apr, 2026 02:08 AMलखनऊ, (IPN)। बाराबिरवा फल व सब्जी मंडी स्थित मार्केट में बीती रात लगी भीषण आग की घटना अत्यंत दुखद रही, जिसमें कई दुकानों का भारी नुकसान हो गया। इस दुर्घटना से प्रभावित व्यापारियों को आर्थिक क्षति के साथ-साथ रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल शुक्रवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं स्थानीय पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’ के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।
*एलडीए को पुनरुद्धार के लिए दिए निर्देश*
निरीक्षण के दौरान महापौर ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष श्री प्रथमेश कुमार से कॉल पर वार्ता कर मार्केट की दुकानों के शीघ्र पुनरुद्धार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित व्यापारियों को जल्द से जल्द राहत मिलनी चाहिए और बाजार को पुनः व्यवस्थित किया जाए।
*प्रभावितों को हर संभव सहायता का आश्वासन*
महापौर ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में शासन-प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। जिन दुकानों को नुकसान हुआ है, उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी प्रभावितों को शीघ्र और समुचित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
*बाजार को पुनः सशक्त बनाने का संकल्प*
महापौर ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इस विपरीत परिस्थिति से जल्द उबरने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन बाजार को पुनः व्यवस्थित और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि व्यापारियों की आजीविका जल्द पटरी पर लौट सके।

No Previous Comments found.