5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों का राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन

Bank employeesj stage nationwide protest demanding 5-day banking

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 12 Aug, 2026 08:56 PM
5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों का राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन

RBI, LIC, SEBI, NABARD में पांच कार्यदिवस लागू, फिर बैंककर्मियों के साथ नाइंसाफी क्यों : डी.के. सिंह

लखनऊ, 12 अगस्त 2026 (आईपीएन)। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बुधवार शाम लालबाग स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के सामने बैंककर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। फोरम से जुड़े विभिन्न संगठनों के सैकड़ों सदस्यों और पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन (आईबीए) से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग तत्काल लागू करने की मांग की।

फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि बैंककर्मी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसके लिए प्रदर्शन, धरना, रैली और सोशल मीडिया अभियान चलाए गए। इसी वर्ष 27 जनवरी को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल भी की गई, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से इस मांग पर निर्णय नहीं लिया गया है।

अन्य संस्थानों में पांच कार्यदिवस तो बैंकों में क्यों नहीं?

सभा को संबोधित करते हुए एनसीबीई के महामंत्री डी.के. सिंह ने कहा कि रिजर्व बैंक, एलआईसी, सेबी, नाबार्ड समेत अनेक संस्थानों में पांच कार्यदिवस लागू हैं, तो बैंकों में इसे लागू करने में क्या परेशानी है। उन्होंने बैंककर्मियों के साथ इस मामले में हो रही देरी को नाइंसाफी बताया।

राज्य संयोजक वाई.के. अरोड़ा ने कहा कि बैंककर्मी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने के बाद प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बैंककर्मियों की मांग जायज है और इसे जल्द स्वीकार किया जाना चाहिए।

आईबीए ने भेजा है प्रस्ताव

एस.के. संगतानी ने कहा कि आईबीए ने पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार के पास अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेज रखा है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मण सिंह ने कहा कि “पांच दिवसीय बैंकिंग कोई भीख नहीं, बल्कि हमारा अधिकार है।” उन्होंने कहा कि बैंककर्मियों पर लगातार बढ़ते काम के दबाव और तनाव को देखते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था जल्द लागू की जानी चाहिए।

लंबे संघर्ष की चेतावनी

प्रदर्शन में वाई.के. अरोड़ा, डी.के. सिंह, एस.के. संगतानी, लक्ष्मण सिंह, संदीप सिंह, सचिन केसरवानी, वी.के. माथुर, अशोक अग्रवाल, अनिल श्रीवास्तव सहित विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि बैंककर्मियों पर काम का दबाव और तनाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना कर्मचारियों के हित के साथ-साथ आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था की जरूरत भी है।

फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने कहा कि यदि सरकार ने बैंककर्मियों की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा बैंककर्मी लंबे संघर्ष के लिए तैयार हैं।

#FiveDayBanking #5DayBanking #BankEmployees #BankUnions #UFBU #BankingSector #BankEmployeesDemand #NCBE #IBA #RBI #LIC #SEBI #NABARD #BankStrike #BankEmployeesUnity #LucknowNews #UPNews #IPN #IPNNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.