काले कपड़ों में ड्यूटी पर पहुंचे बैंक कर्मी, केंद्र सरकार के खिलाफ जताया विरोध; कल देशव्यापी हड़ताल
Bank employees arrive for duty dressed in black, protest against the central government; nationwide strike tomorrow
IPN Live
Lucknow, 27 Sep, 2026 08:20 PMलखनऊ, 27 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत बैंक कर्मियों ने रविवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। बैंक कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर और काले कपड़े पहनकर काम किया तथा इस दिन को "काला दिवस" के रूप में मनाया। बैंककर्मियों का कहना है कि केंद्र सरकार उनकी जायज मांगों को पूरा करने के बजाय दबाव बनाने और डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
पांच दिवसीय बैंकिंग समेत कई मांगों को लेकर संघर्ष जारी
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, भेदभावपूर्ण पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना समाप्त करना तथा अन्य लंबित मांगों का निस्तारण शामिल है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले बैंक कर्मी लंबे समय से इन मांगों को उठा रहे हैं।
रविवार को बैंक खोलने के फैसले पर उठा विवाद
फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि रिजर्व बैंक की स्वीकृति के बाद आईबीए ने 27 सितम्बर, रविवार को कार्य दिवस घोषित किया था, जिसका यूनाइटेड फोरम ने विरोध किया। उनका कहना था कि द्विपक्षीय समझौते के अनुसार रविवार अवकाश का दिन है और उसे सामान्य कार्यदिवस में नहीं बदला जा सकता।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में भले ही बैंक खोले जा सकते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में कार्यालय आदेश के तहत बुलाए गए कर्मचारियों को 200 प्रतिशत की दर से ओवरटाइम भुगतान तथा अधिकारियों को अवकाश अथवा डिस्कंफर्ट भत्ता दिया जाना अनिवार्य है।
विरोध के आगे झुका प्रबंधन
अनिल श्रीवास्तव के अनुसार यूनियनों के विरोध के बाद बैंक प्रबंधन को अपना निर्णय बदलना पड़ा और द्विपक्षीय समझौते के प्रावधानों के अनुरूप ही बैंक संचालन का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि रविवार को जिन कर्मचारियों को बैंक में बुलाया गया है, उन्हें नियमानुसार ओवरटाइम अथवा डिस्कंफर्ट भत्ते का भुगतान करना होगा।
कल एसबीआई मुख्य शाखा पर जुटेंगे बैंक कर्मी
फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि 28 सितम्बर को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारी सुबह 11 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा (केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पीछे) पर एकत्र होंगे। यहां सभा, प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैंक कर्मियों का संदेश साफ
काला दिवस के जरिए बैंक कर्मचारियों ने साफ संकेत दिया है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। यूनियनों का कहना है कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
#BankStrike #BankEmployees #UFBU #FiveDayBanking #BankingSector #PublicSectorBanks #Lucknow #BankProtest #BlackDay #BankUnions #PLI #BankNews #IPNNews #StrikeAlert #IndianBanking

No Previous Comments found.