दलित होने के कारण डिलीवरी मैन की पिटाई करने वाले गिरफ्तार हों: भाकपा (माले)
Arrest those who beat up the delivery man for being a Dalit: CPI(ML)
IPN Live
Lucknow, 21 Jun, 2022 07:47 PMलखनऊ, 21 जून 2022 (आईपीएन)। भाकपा (माले) ने राजधानी के आशियाना क्षेत्र में ऑनलाइन भोजन की आपूर्तिकर्ता कंपनी के दलित डिलीवरी मैन विनीत कुमार रावत की जाति जानने के बाद भोजन पैकेट लेने से मना करने, उस पर थूकने और उसकी पिटाई करने वालों को फौरन गिरफ्तार करने की मांग है। पार्टी ने घटना को बेहद शर्मनाक बताया है और कहा है कि विनीत को अपमानित व प्रताड़ित करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
राज्य सचिव सुधाकर यादव ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस के रवैये पर सवालिया निशान खड़े करता है। कार्रवाई के बजाय ढुलमुलपन दिखाने से ऐसे सामंती, ब्राह्मणवादी व बर्बर व्यवहार करने वालों का ही मनोबल बढ़ेगा।
माले नेता ने कहा कि भाजपा सरकार लखनऊ को स्मार्ट सिटी बना रही है, मगर उनका क्या जो स्मार्ट सिटी में मध्ययुगीन बर्बर मानसिकता पाले हुए हैं। क्या मनुवाद को मानने और उस पर अमल करने वाली भाजपा से उम्मीद की जा सकती है कि वर्ण व्यवस्था के खिलाफ लड़ेगी?
कामरेड सुधाकर ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन और डॉ. अम्बेडकर के प्रयासों से देश में संवैधानिक व राजनैतिक लोकतंत्र की स्थापना हुई, मगर सामाजिक लोकतंत्र और बराबरी हासिल करने या दूसरे शब्दों में, आधुनिक लोकतांत्रिक भारत बनाने की लड़ाई अभी बाकी है। उपरोक्त घटना से इसकी पुष्टि होती है। यह लड़ाई मनुवादियों को हटा कर ही आगे बढ़ेगी।

No Previous Comments found.