रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान

Ahead of Raksha Bandhan, a 'food safety strike' was carried out on the highway, with the campaign running all night.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 26 Aug, 2026 03:46 PM
रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान

टोल नाकों, हाईवे और कनेक्टिंग रोड पर सघन प्रवर्तन अभियान

97 वाहनों की जांच, 28 में मिली अनियमितताएं; 35 नमूने जांच के लिए लिए गए

16.3 कुंतल संदिग्ध एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट, कीमत करीब 20 लाख रुपये

लखनऊ, 26 अगस्त (आईपीएन)। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश ने मिलावटी, संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में परिवहन किए जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ रातभर सघन अभियान चलाया। 25-26 अगस्त की मध्यरात्रि से भोर तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में टोल नाकों, हाईवे और कनेक्टिंग रोड पर खाद्य पदार्थों से लदे वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान 97 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 28 वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के 35 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं, अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित या परिवहन किए जा रहे करीब 16.3 कुंतल खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये थी, मौके पर नष्ट कराया गया।

सप्लाई चेन पर विभाग की सीधी नजर

रक्षाबंधन के दौरान मिठाई, खोया, पनीर, दूध, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग ने सप्लाई चेन के प्रमुख मार्गों पर निगरानी तेज की है। अभियान का उद्देश्य केवल दुकानों और बाजारों में खाद्य पदार्थों की जांच करना नहीं, बल्कि एक जनपद से दूसरे जनपद तक खाद्य सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों की भी जांच सुनिश्चित करना रहा।

टीमों ने वाहनों में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण और परिवहन की परिस्थितियों का निरीक्षण किया तथा संदिग्ध सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।

मथुरा में 1200 किलो पनीर नष्ट

मथुरा में दिल्ली हाईवे पर एक वाहन की जांच के दौरान करीब 1200 किलोग्राम पनीर पाया गया। गुणवत्ता और परिवहन की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का पनीर मौके पर नष्ट कराया गया। एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

मेरठ में हाईवे पर दो वाहनों की जांच के दौरान करीब 10 कुंतल खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में परिवहन होता मिला। करीब 3.30 लाख रुपये मूल्य के खोये को नष्ट कराया गया और दो नमूने लिए गए।

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर 3416 किलो नमकीन

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर नमकीन से लदे वाहन की जांच में करीब 3416 किलोग्राम नमकीन पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई। कार्रवाई के दौरान नमकीन के चार नमूने जांच के लिए लिए गए।

पिलखुआ-हापुड़ हाईवे पर दो वाहनों की जांच में करीब 1670 किलोग्राम खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिला। लगभग 35 हजार रुपये मूल्य के खोये को नष्ट कराया गया और पांच नमूने लिए गए।

बागपत में दो वाहनों से 520 किलो खोया

बागपत में दिल्ली मार्ग पर चार वाहनों की जांच के दौरान दो वाहनों में करीब 520 किलोग्राम खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा मिला। करीब 1.44 लाख रुपये मूल्य का खोया मौके पर नष्ट कराया गया।

अलीगढ़ में नोएडा मार्ग पर एक दूध टैंकर की जांच में दूध में अपमिश्रण की आशंका पाई गई। इसके बाद करीब 7000 लीटर दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये थी, नष्ट कराया गया। दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया।

कानपुर में 500 किलो खोया नष्ट

कानपुर में रेलवे स्टेशन मार्ग पर खाद्य सुरक्षा टीम ने करीब 500 किलोग्राम अस्वास्थ्यकर खोया नष्ट कराया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई।

नोएडा-दिल्ली मार्ग पर पनीर से लदे दो वाहनों की जांच में करीब 185 किलोग्राम पनीर मिला। पनीर में रसायनों के प्रयोग से निर्मित होने की आशंका के चलते इसे मौके पर नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई।

गोरखपुर में 600 किलो मिल्क केक जैसी मिठाई नष्ट

गोरखपुर में अयोध्या-बस्ती मार्ग से आ रहे एक वाहन की जांच के दौरान करीब 600 किलोग्राम तैयार मिल्क केक जैसी मिठाई मिली। परिस्थितियों को देखते हुए करीब 1.08 लाख रुपये मूल्य की मिठाई नष्ट कराई गई और एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

त्योहारी सीजन में लगातार जारी रहेगी निगरानी

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित परिवहन को लेकर निगरानी बाजारों और दुकानों तक सीमित नहीं है। विभाग ने पूरी सप्लाई चेन पर निगरानी बढ़ाई है और विशेष रूप से खोया, पनीर, दूध, मिठाई और नमकीन जैसे अधिक मांग वाले खाद्य पदार्थों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

विभाग के अनुसार, रक्षाबंधन पर प्रदेशवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

#रक्षाबंधन #खाद्यसुरक्षा #FoodSafety #मिलावटखोरी #खाद्यसुरक्षा_विभाग #उत्तरप्रदेश #हाईवे #खोया #पनीर #दूध #मिठाई #नमकीन #मिलावटीखाद्यपदार्थ #लखनऊ #आईपीएन #ipnlive #ipnnews #ipn

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.