बरेली के बाद अब अयोध्या में GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने दिया इस्तीफा
अयोध्या में तैनात GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने इस्तीफा देने के बाद सबसे पहले पत्नी को फोन किया और फफक-फफक कर रो पड़े. उन्होंने कहा कि वे जिस सरकार का नमक खाते हैं, उसके अपमान को सहन नहीं कर सके. मानसिक पीड़ा और आत्मसम्मान का हवाला देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया.
IPN Live
Lucknow, 28 Jan, 2026 12:37 AMअयोध्या, (आईपीएन)। बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश में एक और वरिष्ठ अधिकारी के त्यागपत्र ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. मंगलवार को अयोध्या में तैनात राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. यह फैसला उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में लिया है. इस्तीफा देने के बाद जब उन्होंने पत्नी को फोन किया तो खुद को संभाल नहीं पाए. बातचीत के दौरान उनकी आवाज कपकपा सी गई और वे फफक-फफक कर रो पड़े. पत्नी से उन्होंने सिर्फ इतना कहा हां, हैलो मैंने इस्तीफा दे दिया है. अब और बर्दाश्त नहीं हो रहा.
प्रशांत कुमार सिंह ने अपना इस्तीफा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित करते हुए भेजा है. दो पन्नों के इस पत्र में उन्होंने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर कड़ा एतराज जताया है. पत्र में उन्होंने इन बयानों को अभद्र, अमर्यादित और अनर्गल प्रलाप बताया है. उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां केवल किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संविधान और जनादेश पर सीधा हमला हैं.

No Previous Comments found.