रक्षाबंधन पर बहनों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए यूपी में चलेंगी अतिरिक्त बसें

Additional buses to run in UP for safe and smooth travel of sisters on Raksha Bandhan

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 12 Aug, 2026 08:39 PM
रक्षाबंधन पर बहनों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए यूपी में चलेंगी अतिरिक्त बसें

26 से 31 अगस्त तक विशेष सतर्कता, परिवहन निगम की शत-प्रतिशत बसें ऑनरोड रखने के निर्देश

लखनऊ, 12 अगस्त 2026 (आईपीएन)। रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए योगी सरकार ने व्यापक परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए प्रदेश में अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम को अधिकतम बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर यात्रियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए इस दिशा में अतिरिक्त सेवाएं बढ़ाने पर जोर दिया गया है। यात्रियों की मांग के अनुसार लखनऊ, कानपुर समेत विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए भी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।

बस अड्डों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

योगी सरकार ने बसों की संख्या बढ़ाने के साथ यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। सभी बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, यात्री प्रतीक्षालयों में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बस संचालन की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ वाले बस स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों की निरंतर मौजूदगी रहेगी, जबकि डिपो और क्षेत्रीय अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

दिल्ली से पूर्वांचल तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन. सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यकता के अनुसार बस संचालन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी क्षेत्रों तथा दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बसों के संचालन संबंधी मौजूदा प्रतिबंधों में जरूरत के मुताबिक छूट देने का प्रावधान किया गया है।

इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की वास्तविक मांग के अनुरूप बसों की उपलब्धता बढ़ाना है, ताकि प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को लंबे समय तक बस का इंतजार न करना पड़े।

चालक-परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को प्रोत्साहन

रक्षाबंधन के दौरान लगातार सेवाएं देने वाले परिवहन कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना लागू की गई है। छह दिनों में निर्धारित शर्तों के साथ 1,800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1,200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

संविदा चालक-परिचालकों को 1,800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की अतिरिक्त राशि देने का प्रावधान है।

डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला में छह दिनों तक प्रतिदिन उपस्थित रहने वाले पात्र तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। चालक-परिचालकों के लिए योजना की पात्रता सेवा के 64 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर से जुड़ी होगी।

चिन्हित बस स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए भी 90 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

त्योहार के दौरान छुट्टियों पर रोक

रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम के कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक रहेगी। सरकार का लक्ष्य त्योहार के दौरान पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।

#RakshaBandhan #UPTransport #Roadways #UPSRTC #YogiGovernment #YogiAdityanath #DayashankarSingh #UttarPradesh #UPNews #LucknowNews #PublicTransport #BusService #RakshaBandhan2026 #Purvanchal #DelhiUPConnectivity #WomenSafety #SafeJourney #IPN #IPNNews #IPNLive

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.