पीएम के विजन के अनुरूप महिलाओं के लिए कार्य कर रही है राज्य सरकार: योगी

प्रयागराज में महिला सशक्तिकरण सम्बन्धी आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मौजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप नारी गरिमा सुनिश्चित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 22 Dec, 2021 12:06 AM
पीएम के विजन के अनुरूप महिलाओं के लिए कार्य कर रही है राज्य सरकार: योगी

प्रयागराज, 21 दिसम्बर 2021 (आईपीएन)। प्रयागराज में महिला सशक्तिकरण सम्बन्धी आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मौजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप नारी गरिमा सुनिश्चित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के माध्यम से आधी आबादी के प्रति दृष्टिकोण बदलने का जो कार्य किया है, उसके परिणाम हम सबके सामने हैं। प्रधानमंत्री ने मातृ वन्दना योजना, मिशन इन्द्रधनुष, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वामित्व योजना आदि के माध्यम से देश में महिलाओं को अधिकार सम्पन्न बनाया है। प्रदेश सरकार ने भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आधी आबादी के लिए सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम लागू किये हैं। इनमें से कुछ कार्यक्रमों की लाभार्थियों को आज प्रधानमंत्री द्वारा लाभान्वित किया गया है।

योगी ने कहा कि देश की आधी आबादी जिस हक को पाने के लिए आजादी के बाद से तत्पर थी, वह अधिकार व सम्मान अब उसे मिल रहा है। वर्तमान में बैंकिंग कॉरेस्पॉण्डेंट सखी के माध्यम से बहन और बेटियां गांव-गांव में बुजुर्गों को गांव में ही बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। बी0सी0 सखी द्वारा प्रधानमंत्री के जनधन खाते के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के सपने को साकार किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार के अन्तर्गत महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 202 टेक होम राशन संयंत्रों का शिलान्यास किया गया है। इन संयंत्रों की स्थापना से पोषाहार में होने वाली विसंगतियां और शिकायतें दूर होंगी। वर्ष 2017 में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा कार्यभार ग्रहण किये जाने के बाद प्रधानमंत्री ने प्रदेश के कुछ जनपदों में महिला पुरुष अनुपात में विसंगति दूर करने के लिए केन्द्र सरकार की योजनाओं को पूरी तत्परता के साथ लागू करने के लिए कहा था।

सीएम योगी ने कहा कि लिंगानुपात की विसंगति दूर करने के लिए राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ ही भ्रूण हत्या रोकने के लिए मुखबिर योजना संचालित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना भी लागू की गयी। इस योजना के अन्तर्गत बेटी के जन्म के साथ ही स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान विभिन्न चरणों में 15 हजार रुपये की धनराशि प्रदान किये जाने का प्राविधान किया गया। महिला व पुरुष अनुपात को बेहतर करने में इन योजनाओं ने काफी मदद की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शास्त्रों में कहा गया है कि जहां नारी का आदर होता है, वहां देवता वास करते हैं। केन्द्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने मातृ शक्ति के सम्मान को बढ़ाया है।

इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया सिंह पटेल, प्रदेश सरकार में जल शक्ति मंत्री डॉ0 महेन्द्र सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), एम0एस0एम0ई0 मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.