विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सीएम योगी के नेतृत्व में निकलेगी मौन पदयात्रा
A silent march will be taken out under the leadership of CM Yogi on Partition Horrors Memorial Day.
IPN Live
Lucknow, 13 Aug, 2026 09:14 PMसरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा से लोक भवन तक होगी पदयात्रा, विस्थापित परिवार साझा करेंगे विभाजन की पीड़ा
प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग और लघु फिल्म के जरिए नई पीढ़ी को बताया जाएगा विभाजन का दर्द
लखनऊ, 13 अगस्त (आईपीएन)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश के विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुक्रवार, 14 अगस्त को लखनऊ में मौन पदयात्रा निकाली जाएगी। जीपीओ स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा से लोक भवन तक प्रस्तावित यह पदयात्रा विभाजन के दौरान अपार पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने और उनकी स्मृतियों को सम्मान देने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा के बाद लोक भवन प्रेक्षागृह में विभाजन विभीषिका से प्रभावित विस्थापित परिवारों के सदस्यों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान वे विभाजन के समय झेली गई पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष की यादें साझा करेंगे।
प्रदर्शनी और लघु फिल्म के जरिए दिखेगी विभाजन की त्रासदी
कार्यक्रम स्थल पर विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही लाइव पेंटिंग और लघु फिल्म के माध्यम से विभाजन के दौर की पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन की ऐतिहासिक त्रासदी से परिचित कराना और उस दौरान जान गंवाने तथा विस्थापित होने वाले लोगों की स्मृति को सम्मान देना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
मौन पदयात्रा और स्मृति कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य बृजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, इंजी. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल और उमेश द्विवेदी के अलावा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, लखनऊ उत्तर विधायक डॉ. नीरज बोरा, मलिहाबाद विधायक जयदेवी, बख्शी का तालाब विधायक योगेश शुक्ला और लखनऊ पूर्व विधायक ओपी श्रीवास्तव की भी सहभागिता रहेगी।
इसके साथ ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर और अर्चना मिश्रा, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तथा पंजाबी, सिख, सिंधी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पीड़ित परिवारों की स्मृतियों को मिलेगा मंच
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन के जरिए उन परिवारों की स्मृतियों और अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान विस्थापन और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। मौन पदयात्रा के माध्यम से दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उनके संघर्ष और त्याग को स्मरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न माध्यमों से विभाजन की घटनाओं और उससे प्रभावित लोगों की पीड़ा को प्रदर्शित कर इतिहास की इस त्रासदी को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
#VibhajanVibhishika #VibhajanVibhishikaSmritiDiwas #विभाजनविभीषिकास्मृतिदिवस #PartitionHorrorsRemembranceDay #14August #Lucknow #YogiAdityanath #CMYogi #SilentMarch #मौनपदयात्रा #SardarPatel #VibhajanKiPeeda #Partition #Unity #NationalUnity #UttarPradesh #UPNews #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.