लखनऊ के ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान SCR के सुनियोजित विस्तार में: डॉ. राजेश्वर सिंह
A permanent solution to Lucknow's traffic jam lies in the planned expansion of the SCR: Dr. Rajeshwar Singh
IPN Live
Lucknow, 10 Nov, 2026 01:47 AMकिसान पथ से आगे विकसित हों नए रोजगार और वाणिज्यिक केंद्र, सरकारी कार्यालयों को भी किया जाए स्थानांतरित
छह जिलों में रेल और समर्पित बस कॉरिडोर से बने एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क, मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दिए पांच सुझाव
लखनऊ, 10 नवंबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी लखनऊ में तेजी से बढ़ते यातायात दबाव और आए दिन लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) के सुनियोजित विस्तार का सुझाव दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पांच महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। इनमें किसान पथ से आगे नए रोजगार एवं वाणिज्यिक केंद्र विकसित करने, चुनिंदा सरकारी कार्यालयों को स्थानांतरित करने और छह जिलों को एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ ने स्वच्छता और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने 200 में से 198 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2017-18 के बाद पीएम-10 के स्तर में 46.64 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1.6 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्रों के साथ भी लखनऊ देश में अग्रणी है।
उन्होंने कहा कि विकास की इसी गति के साथ शहर में वाहनों की संख्या और यातायात दबाव भी तेजी से बढ़ रहा है। लखनऊ में करीब 32.5 लाख पंजीकृत वाहन हैं और हर साल 1.2 से 1.5 लाख नए वाहन जुड़ रहे हैं। इसके अलावा लगभग 1.33 लाख ई-रिक्शा भी शहर में संचालित हैं। प्रमुख मार्गों पर प्रतिदिन जाम की समस्या रहती है और शाम पांच से आठ बजे के बीच यातायात का दबाव सबसे अधिक होता है।
SCR के दायरे में नियोजित विकास पर जोर
डॉ. सिंह ने सुझाव दिया कि केवल शहर के भीतर सड़कों का चौड़ीकरण यातायात समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इसके लिए करीब 26 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल और तीन करोड़ से अधिक आबादी वाले छह जिलों के राज्य राजधानी क्षेत्र का सुनियोजित विकास जरूरी है। लखनऊ को अलग-थलग शहर के बजाय एक व्यापक और परस्पर जुड़े क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
किसान पथ से आगे बनें रोजगार के नए केंद्र
उन्होंने किसान पथ से आगे कार्यालय, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और रोजगार केंद्र विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही चुनिंदा सरकारी कार्यालयों को इन नए केंद्रों में स्थानांतरित करने की जरूरत बताई, ताकि पुराने शहर की ओर प्रतिदिन होने वाले आवागमन का दबाव कम किया जा सके।
रेल और बस कॉरिडोर से जुड़े छह जिले
विधायक ने लखनऊ को पड़ोसी जिलों और नए विकास केंद्रों से जोड़ने के लिए रेल तथा समर्पित बस कॉरिडोर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी छह जिलों में भूमि उपयोग, परिवहन और शहरी विकास की एकीकृत योजना तैयार होनी चाहिए। इसके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जवाबदेह प्राधिकरण भी बनाया जाना चाहिए।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनके ये सुझाव पूर्व में प्रस्तुत 20 वर्षीय समेकित यातायात प्रबंधन एवं शहरी गतिशीलता रोडमैप को आगे बढ़ाने वाले हैं। लखनऊ का भविष्य केवल शहर की सीमाओं के भीतर विकास करने से नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को एक समन्वित विकास इकाई के रूप में विकसित करने से सुरक्षित और सुगम बनेगा।
#Lucknow #DrRajeshwarSingh #SCR #StateCapitalRegion #TrafficManagement #TrafficJam #UrbanDevelopment #PublicTransport #KisanPath #YogiAdityanath #UttarPradesh #SmartCity #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.