सीएम योगी की अगुवाई में उमड़ा जनसैलाब, गूंजा ‘राष्ट्र प्रथम’ का उद्घोष
A massive crowd gathered under the leadership of CM Yogi, and the slogan 'Nation First' resonated.
IPN Live
Lucknow, 10 Aug, 2026 08:35 PMगोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 16 स्थानों पर पुष्पवर्षा और 8 जगहों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ स्वागत
गोरखपुर, 10 अगस्त 2026 (IPN)। गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा में असंख्य लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। इस दौरान जगह-जगह ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा के दौरान सड़कों के दोनों ओर मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। यात्रा के पूरे मार्ग पर तिरंगे झंडों और गुब्बारों से सजा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया।
महारानी लक्ष्मीबाई और महात्मा गांधी को किया नमन
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उनके योगदान को याद किया। इसके बाद भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री टाउन हॉल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा की अगुवाई की। इस दौरान सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उनके साथ चलते रहे।
16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 16 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। होटल शिवाय, कचहरी चौक, जलकल, गांधी आश्रम, बलदेव प्लाजा, गणेश चौक, काली मंदिर, पुलिस लाइन तिराहा और यातायात तिराहा समेत कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर और मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
8 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर लोक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुल 8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए यात्रा का स्वागत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल में देशभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पहुंचकर यात्रा का समापन
करीब ढाई किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर तिरंगा यात्रा का समापन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे छोड़े और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। उन्होंने कुछ बच्चों को चॉकलेट भी दी।
मोबाइल कैमरों में यात्रा को कैद करते नजर आए लोग
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े लोगों से लेकर दुकानों, घरों की छतों और डिवाइडर पर मौजूद लोग अपने मोबाइल कैमरों से यात्रा के वीडियो और तस्वीरें बनाते नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया के लिए भी रिकॉर्ड किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकली इस तिरंगा यात्रा ने गोरखपुर में देशभक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना का संदेश दिया।
#TirangaYatra #Gorakhpur #YogiAdityanath #CMYogi #HarGharTiranga #RashtraPratham #VandeMataram #BharatMataKiJai #GorakhpurNews #UttarPradesh #UPNews #IPN #IPNNews

No Previous Comments found.