गोरखपुर में सीएम योगी की अगुवाई में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ का देंगे संदेश
A grand Tiranga Yatra will be organised in Gorakhpur under the leadership of CM Yogi, and will give the message of 'Tiranga in every home'.
IPN Live
Lucknow, 10 Aug, 2026 06:02 AMलखनऊ, (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर में भव्य तिरंगा यात्रा की अगुवाई करेंगे। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को राष्ट्र प्रथम का संदेश देने के साथ ही अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद यात्रा टाउनहॉल से शुरू होकर गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौक पहुंचेगी।
रेलवे स्टेशन चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान राष्ट्र प्रथम और देशभक्ति का संदेश प्रमुखता से दिया जाएगा।
यूपी में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। गोरखपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा इसी अभियान का हिस्सा है।
तिरंगा यात्रा में सांसद रवि किशन, मंत्री संजय निषाद, गोरखपुर की महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह समेत स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकलने वाली इस यात्रा के जरिए लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की जाएगी।

No Previous Comments found.