बजट में नए व विकसित भारत की संकल्पना की स्पष्ट दृष्टि: मुख्यमंत्री

A clear vision of the concept of a new and developed India in the budget: Chief Minister

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 2 Feb, 2026 01:55 AM
बजट में नए व विकसित भारत की संकल्पना की स्पष्ट दृष्टि: मुख्यमंत्री

*आम नागरिकों के जीवन को सहज व सरल बनाने में मदद करेगा आम बजट 2026-27 - सीएम योगी*

*सीएम योगी ने पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व निर्णायक नेतृत्व के लिए जताया आभार*

*मुख्यमंत्री ने कर्तव्य भवन से प्रस्तुत किए गए पहले बजट के लिए वित्त मंत्री का किया अभिनंदन*

लखनऊ, (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम बजट 2026-27 की सराहना करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में नए व विकसित भारत की संकल्पना का रोडमैप लेकर देशवासियों के सामने नया बजट प्रस्तुत किया गया है। सीएम योगी ने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व निर्णायक नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कर्तव्य भवन में बने पहले बजट के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद ज्ञापित किया। सीएम ने कहा कि बजट में नए व विकसित भारत की संकल्पना की दृष्टि स्पष्ट दिखाई देती है। 

*145 करोड़ भारतवासियों की आशा व आकांक्षाओं का प्रतीक*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 145 करोड़ भारतवासियों की आशा व आकांक्षाओं के प्रतीक इस बजट में नए भारत व विकसित भारत की संकल्पना की दृष्टि स्पष्ट दिखाई देती है। 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कैपिटल एक्सपेंडिचर, सुदृढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर और 7 रेल कॉरिडोरों के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। आयुष सेक्टर को विकसित करने और हेल्थ सेक्टर की मजबूती के लिए प्रयास किए गए हैं। बजट में आम नागरिकों व महिलाओं को केंद्रित करते हुए जोर दिया गया है। 

*आम नागरिकों के जीवन को सहज-सरल बनाने में मददगार*

सीएम योगी ने हर जनपद में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण, स्टेम ( साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग व मैथ्स) संस्थानों की स्थापना और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे कार्यों के लिए बजट की सराहना की। सीएम ने कहा कि नौजवानों के लिए हर एक सेक्टर में अवसर उपलब्ध कराने के साथ जो व्यापक रिफॉर्म प्रस्तुत किए गए हैं, वे आम नागरिकों के जीवन को सहज व सरल बनाने में मदद करेंगे। 

*सभी के लिए नए अवसर प्रदान करने वाला बजट*

सीएम योगी ने बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि यह भारत की अर्थव्यवस्था को तेजी से बढ़ाने में मददगार साबित होगा। यह युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों व आम नागरिकों के लिए नए अवसर प्रदान करने वाला बजट है। मध्यम वर्गीय परिवार समेत आम नागरिक बजट को बड़ी आशा भरी निगाहों से देख रहा था। गत वर्ष देश ने जीएसटी रिफॉर्म को देखा, आम नागरिकों ने उसका लाभ लिया है। इनकम टैक्स एक्ट को अप्रैल से लागू करने, सरलीकृत करने और हर व्यक्ति आसानी से रिटर्न भर सके, इस दिशा में उठाया गया कदम स्वागत योग्य है। अधिक से अधिक व्यक्ति इनकम टैक्स भरने के लिए आकर्षित होकर राष्ट्र निर्माण के कार्यक्रम में योगदान दे सकें, इस दृष्टि से यह अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

*समाज के हर तबके को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट* 

सीएम योगी ने कहा कि यह बजट समाज के हर तबके (युवा, महिला, किसान, उद्यमी) को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो नए भारत को विकसित भारत की तरफ तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में प्रस्तुत करने वाला है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.