95 प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों ने देखी लखनऊ की कूड़ा प्रबंधन और सीवेज ट्रीटमेंट व्यवस्था
95 trainee PCS officers visited Lucknow's waste management and sewage treatment system.
IPN Live
Lucknow, 13 Sep, 2026 12:39 AMलखनऊ, 12 सितंबर 2026 (आईपीएन)। 91वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 95 प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों के दल ने शनिवार को लखनऊ नगर निगम की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय अध्ययन किया। अधिकारियों ने शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, भैंसौरा स्थित फिक्स्ड कॉम्पेक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) और भरवारा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी ली।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन, कचरे से उपयोगी उत्पाद तैयार करने तथा लखनऊ को ‘जीरो वेस्ट सिटी’ के रूप में विकसित करने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं को करीब से समझा। अधिकारियों को कचरे से निकलने वाले विभिन्न उत्पादों के उपयोग और कोकोनट पिट मॉडल के संबंध में भी जानकारी दी गई।
शिवरी प्लांट पहुंचा प्रशिक्षु अधिकारियों का दल दो समूहों में था। ग्रुप ‘सी’ में 47 तथा ग्रुप ‘डी’ में 48 अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने प्लांट में कचरा एकत्रीकरण, प्रसंस्करण और निस्तारण से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों ने भैंसौरा स्थित एफसीटीएस का निरीक्षण किया। यहां उन्हें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र किए जाने वाले कूड़े को कॉम्पेक्टर के माध्यम से दबाकर कम स्थान में तैयार करने और इसके बाद आगे निस्तारण के लिए भेजने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने एफसीटीएस की कार्यप्रणाली को मौके पर देखा।
भरवारा स्थित एसटीपी प्लांट में अधिकारियों ने सीवेज के उपचार की प्रक्रिया और ट्रीटमेंट के बाद प्राप्त साफ पानी के उपयोग की व्यवस्था का भी अध्ययन किया। उन्हें सीवेज ट्रीटमेंट की विभिन्न प्रक्रियाओं तथा प्लांट के संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम की ओर से कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों, नियमों के अनुपालन और नई तकनीकों के इस्तेमाल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छ और ‘जीरो वेस्ट सिटी’ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास दूसरे शहरों के लिए भी सीखने योग्य हैं।
नगर निगम की इन परियोजनाओं का स्थलीय अध्ययन प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए शहरी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवेज ट्रीटमेंट और आधुनिक नगरीय सेवाओं की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
हैशटैग:
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #IPNLIVE #IPNNEWS #IPN #Lucknow #LucknowNagarNigam #ZeroWasteCity #WasteManagement #SolidWasteManagement #STP #SewageTreatment #FCTS #PCS #UPPCS #CleanLucknow #SwachhLucknow

No Previous Comments found.