उत्तर प्रदेश को दो दिन में दो बड़ी सौगात देंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Prime Minister Narendra Modi will give two big gifts to Uttar Pradesh in two days.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Feb, 2026 08:09 PM
उत्तर प्रदेश को दो दिन में दो बड़ी सौगात देंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

21 फरवरी को उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट इंडिया चिप का करेंगे शिलान्यास 

22 फरवरी को मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल व मेट्रो की भी देंगे सौगात 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में होगा आयोजन 

लखनऊ, (IPN)।  डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश को डबल रफ्तार से आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार और रविवार को उत्तर प्रदेश को दो बड़ी सौगातें देंगे। शनिवार को प्रधानमंत्री वर्चुअली उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट इंडिया चिप का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परियोजना स्थल पर उपस्थित रहेंगे। रविवार को प्रधानमंत्री मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल व मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी उनके साथ रहेंगे।

उत्तर प्रदेश बनेगा देश का सेमीकंडक्टर केंद्र 

उत्तर प्रदेश को देश के सेमीकंडक्टर केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में शनिवार को ऐतिहासिक कदम उठाया जाएगा, जब यीडा क्षेत्र में इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास होगा। यह संयुक्त उद्यम एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप द्वारा स्थापित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका वर्चुअली शिलान्यास करेंगे जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव परियोजना स्थल पर उपस्थित रहेंगे। यीडा क्षेत्र के सेक्टर 28 में 48 एकड़ भूमि पर होने जा रहा शिलान्यास कार्यक्रम उत्तर प्रदेश को सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह परियोजना भारत सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थापित की जा रही है। यह देश की पहली डिस्प्ले ड्राइवर इंटीग्रेटेड सर्किट (डीडीआईसी) ओसैट (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्टिंग) सुविधा होगी, जहां चिप की उन्नत पैकेजिंग, संयोजन और परीक्षण किया जाएगा। परियोजना भारत के सकल घरेलू उत्पाद में प्रतिवर्ष लगभग ₹45,000 करोड़ का योगदान देने में सक्षम होगी। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश में लगभग 3,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सुनील शर्मा, अजीत पाल, बृजेश सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। 

रविवार को नमो भारत रैपिड रेल व मेट्रो करेंगे समर्पित 

22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12,930 करोड़ से निर्मित दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह उपहार देंगे। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, सोमेंद्र तोमर समेत यूपी-दिल्ली के अनेक जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। 

एक घंटे से कम समय में तय होगा दिल्ली-मेरठ का सफर

नमो भारत रैपिड रेल से दिल्ली-मेरठ का सफर एक घंटे से भी कम समय में तय होगा। दिल्ली में सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच कुल 15 स्टेशन होंगे और संपूर्ण कॉरिडोर में परिचालन प्रारंभ हो जाएगा। यही नहीं, 180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन गति, प्रत्येक 10 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध होगी। साहिबाबाद, मोदीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम की दिल्ली एवं गाजियाबाद से कनेक्टिविटी होने के साथ ही एक लाख निजी वाहनों की आवाजाही घटेगी। इससे कार्बन उत्सर्जन एवं वायु प्रदूषण में कमी आएगी। 

मेट्रो से आधे घंटे में होगी 21 किमी. की यात्रा

मेट्रो के शुभारंभ के पश्चात आधे घंटे से भी कम समय में मेरठ शहर में 21 कि.मी. की यात्रा पूरी हो सकेगी। मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 12 मेट्रो स्टेशन-मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम हैं। प्रति घंटे 135 किमी. की गति होगी। प्रत्येक 10 मिनट में मेट्रो ट्रेन उपलब्ध रहेगी।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.