राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस पर जन भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया
The Governor hoisted the national flag at Jan Bhavan on Republic Day.
IPN Live
Lucknow, 28 Jan, 2026 02:13 AMलखनऊ, (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आज जन भवन, लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा वर्ष 2024 गृह मंत्रालय, भारत सरकार का अति उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी अजमत अली, मुख्य आरक्षी जनार्दन मिश्रा, मुख्य आरक्षी (चालक) तीर्थराज पाल तथा उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी मोहम्मद नदीम को प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मुख्य आरक्षी (कमांडो) विजय पाल यादव एवं निरीक्षक बृजेश भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी कार्मिकों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इससे पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव, राज्यपाल श्रीप्रकाश गुप्ता सहित जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, सुरक्षाकर्मी तथा अध्यासितगण उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.