मोबाइल स्क्रीन ने हमारे बीच दूरियां बढ़ा दी हैं, हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा : कुंवर मानवेंद्र सिंह
Mobile screens have increased the distance between us, we must return to our roots: Kunwar Manvendra Singh
IPN Live
Lucknow, 15 Jun, 2026 12:53 AMलखनऊ, (IPN)। उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति के तत्वाधान में गोमती नगर स्थित एसकेडी अकादमी के सभागार में "हल्दीघाटी दिवेरघाटी, विजयोत्सव सामाजिक सरोकार एवं सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सभापति विधान परिषद उत्तर प्रदेश कुंवर मानवेंद्र सिंह एवं राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार जेपीएस राठौर ने विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित करने वाले प्रादेशिक, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का सम्मान बढ़ाने वाले क्षत्रिय परिवार के 36 विभूतियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही इंटरमीडिएट व हाई स्कूल की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 112 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए सभापति विधान परिषद उत्तर प्रदेश कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि समाज तब तक विजयी या सशक्त नहीं हो सकता, जब तक समाज का हर वर्ग एक-दूसरे का हाथ थामकर खड़ा न हो। आज के इस आधुनिक और तकनीकी युग में जहाँ मोबाइल स्क्रीन ने हमारे बीच दूरियां बढ़ा दी हैं, हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा। शिक्षा का उजियारा फैलाना, समाज के वंचितों की मदद करना, पर्यावरण की रक्षा करना और युवाओं को सही मार्गदर्शन देना ही आज के समय की सच्ची राष्ट्र सेवा है।"
उन्होंने कहा कि आज इस मंच से जिन महानुभावों को समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है, मैं उन सभी विभूतियों को हृदय से बधाई देता हूँ। आपका यह सम्मान केवल आपका आदर नहीं है, बल्कि हमारी नई पीढ़ी के लिए एक प्रकाश स्तंभ (लाइट हाउस) है, जो उन्हें समाज के कल्याण मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।
सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति को इस बात के लिए साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने इतिहास के गौरव, वर्तमान की आवश्यकता और भविष्य की सकारात्मक दिशा को एक मंच पर ला खड़ा किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि क्षत्रिय सर्व समाज के लिये काम करता आया है लेकिन फिल्मों ने क्षत्रिय समाज की छवि को लगातार खराब करने का काम किया है। राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमित के प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदेव सिंह जो बीड़ा उठाते हैं उसे पूरा करते हुए अंत तक ले आते हैं। इस मौके पर मंत्री जीपीएस राठौर ने भारतीय इतिहासकारों पर भी जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतिहासकारों ने क्षत्रियों के साथ बहुत अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि इतिहासकारो ने महाराणा प्रताप की जगह अकबर को महान बताया। महाराणा प्रताप ने भीलो और वंचित समाज को लेकर युद्ध किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ही थे जो सर्व समाज को लेकर चलते थे।
इस मौके पर मौजूद पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमें धर्म और कर्तव्य का बोध होता है। समझ में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष बाल अधिकार संरक्षण आयोग जूही सिंह ने कहा कि आज का छात्र कल का भविष्य है, उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक जुट होकर राष्ट्र को मजबूत करना है। इंडो अमेरिकन चैंबर ऑफ़ कॉमर्स उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा की क्षत्रिय समाज के बच्चे इंजीनियरिंग मैनेजमेंट या और कोर्स करने प्राइवेट इंडस्ट्री में अपना भविष्य देखते है या स्टार्ट अप लघु उद्योग स्थापित करना चाहते है इंडस्ट्री चैंबर्स से जुड़े होने के उन्हें यथा सहायता की जाएगी ।
समारोह को महासमिति के अध्यक्ष, बाबा हरदेव सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षत्रिय समाज को विषम परिस्थितियों से उबारने के लिए बहुत बड़े प्रयास की जरुरत है। ऐसी दशा में इस संगठन की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं में आगे बढ़ने की इच्छा जाग्रत करे और उन्हें हर स्तर पर मजबूत बनाने का प्रयास करे।
महासमिति की महासचिव, इन्द्रासन सिंह 'इन्दु' ने महासमिति की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि महासमिति स्थापना के 17 वर्ष पूर्ण करके 18वें वर्ष में प्रवेश कर रही है सभी का समर्पित प्रयास और समर्थन मिलता रहा तो यह महासमिति अपनी 25वीं वर्षगांठ तक विशाल वटवृक्ष का रूप ले लेगी और इसके छांव के नीचे अपनी समस्याओं का समाधान कर समाज को नई दिशा देने में सक्षम होंगे। महासमिति अनवरत समाज के हर वर्ग के जरूरतमन्द लोगों और बेरोजगार युवक युवतियों को उचित मार्ग दर्शन देकर उन्हें आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

No Previous Comments found.