जापान की यामानाशी और UP विधानसभा के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान पर हुआ MOU
MoU on friendly exchanges signed between Yamanashi, Japan and UP Legislative Assembly
IPN Live
Lucknow, 22 Aug, 2026 12:03 AMलखनऊ, 21 अगस्त (आईपीएन)। जापान की यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली और भारत गणराज्य की उत्तर प्रदेश विधानसभा के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान एवं सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों विधानसभाओं के बीच पारस्परिक समझ, विश्वास और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के अध्यक्ष हिदेनोरी मियामोतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विधायी कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका और दोनों विधानसभाओं के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने विधान भवन की विभिन्न व्यवस्थाओं, सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा की कार्यशैली की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में किए गए आधुनिकीकरण और डिजिटल तकनीक के उपयोग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के अध्यक्ष हिदेनोरी मियामोतो ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को जापान के यामानाशी आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभाओं के बीच हुए मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान समझौते से आपसी संबंधों को और मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में विधायी अनुभवों और कार्यप्रणाली के आदान-प्रदान के नए अवसर विकसित होंगे।
एमओयू के तहत दोनों विधानसभाएं पारस्परिक यात्राओं, सूचनाओं के आदान-प्रदान और अन्य गतिविधियों के माध्यम से मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देंगी। अर्थव्यवस्था, पर्यटन, कृषि, शिक्षा और मानव संसाधन विकास सहित पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान एवं सहयोग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
दोनों विधानसभाएं आदान-प्रदान कार्यक्रमों और सहयोगात्मक परियोजनाओं के विकास के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी। एमओयू में दोनों पक्षों ने पारस्परिक विकास और समृद्धि में योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
यह समझौता ज्ञापन दोनों विधानसभाओं के मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान एवं सहयोग के इरादे की पुष्टि करता है और इससे कोई कानूनी रूप से बाध्यकारी दायित्व उत्पन्न नहीं होता। यह समझौता दोनों सरकारों के बीच 23 दिसंबर 2024 को संपन्न मूल समझौते की भावना के अनुरूप दोनों विधानसभाओं के बीच घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हिदेनोरी मियामोतो के साथ इक्को यामादा, फुमियो मिजुगिशी, मासाहितो उजुकी, नोरितोशी मुकायामा, रिकियो ईजिमा, मासानोबु इशिहारा, मासाहितो नाकामुरा, यूकी उसुई, मासाहितो किरिहारा, दाइकी वातानाबे, रिकिजो असाकावा, केनिची शिराकाबे और ओसामु ईजिमा शामिल रहे।
यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा से उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच विधायी स्तर पर संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
#UttarPradesh #Yamanashi #Japan #UPAssembly #SatishMahנה #LegislativeExchange #IndiaJapan #JapanUPRelations #उत्तरप्रदेश #यामानाशी #जापान #उत्तरप्रदेशविधानसभा #सतीशमहाना #भारतजापान #मैत्रीपूर्णआदानप्रदान #ipnlive #ipnnews #ipn

No Previous Comments found.