लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

Gaurav Kumar took charge as Municipal Commissioner in Lucknow, cleanliness, tax reform and solution of waterlogging are his priorities

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 25 Apr, 2025 01:07 AM

लखनऊ, (आईपीएन) :: लखनऊ नगर निगम को आज नया नेतृत्व मिल गया है। 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी गौरव कुमार ने आज नगर आयुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। नगर निगम मुख्यालय में पूर्व नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

इसके साथ ही गौरव कुमार ने लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का भी पदभार ग्रहण किया। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर को तकनीकी रूप से सशक्त और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

चंडीगढ़ निवासी गौरव कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चंडीगढ़ से ही प्राप्त की है और वे मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वे तकनीकी और प्रबंधन से संबंधित क्षेत्रों में भी दक्षता प्राप्त कर चुके हैं। अपने प्रशासनिक जीवन में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए कुशल प्रबंधन और जनहित में कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद श्री कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी शहरी प्रशासन स्थापित करना होगा।


लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

नगर आयुक्त गौरव कुमार की प्रमुख प्राथमिकताएं इस प्रकार हैं :-

*1. स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता:*

श्री कुमार ने कहा कि शहर की साफ-सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें नागरिकों की भी भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को दुरुस्त किया जाएगा और घर-घर कूड़ा संग्रहण, सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को तकनीकी आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को शीर्ष पर लाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया।

*2. टैक्सेशन प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार:*

उन्होंने नगर निगम की आय बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए टैक्सेशन प्रणाली को मजबूत और पारदर्शी बनाने की बात कही। संपत्ति कर सहित अन्य करों की वसूली में पारदर्शिता लाई जाएगी, और करदाताओं को डिजिटल माध्यमों से भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

*3. जल भराव की समस्या का स्थायी समाधान:*

लखनऊ के कई क्षेत्रों में हर वर्ष बरसात के दौरान जल भराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। श्री कुमार ने इसे नगर निगम की प्राथमिक चुनौतियों में से एक बताया और कहा कि जल निकासी की प्रणाली को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए नालियों की समयबद्ध सफाई, ड्रेनेज नेटवर्क की मैपिंग और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

*4. जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान:*

श्री कुमार ने कहा कि नगर निगम को एक जनोन्मुखी संस्था के रूप में कार्य करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं होगा। जनता की शिकायतों के समाधान के लिए एक प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने से लेकर समयबद्ध समाधान तक की व्यवस्था होगी।


लखनऊ में गौरव कुमार ने संभाला नगर आयुक्त पद का कार्यभार, स्वच्छता, टैक्स सुधार और जलभराव का समाधान उनकी प्राथमिकता

*5. सर्वांगीण और समावेशी विकास:* 

गौरव कुमार ने कहा कि वे निगम अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं के साथ मिलकर शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करेंगे। उनका मानना है कि जब सभी वर्गों की भागीदारी होती है, तभी शहर का समुचित और संतुलित विकास संभव होता है।

नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गौरव कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। लखनऊ शहर में भी उनके नेतृत्व को लेकर एक नई उम्मीद देखी जा रही है। श्री कुमार के नेतृत्व में शहर की बुनियादी सेवाओं में सुधार, नागरिक सुविधाओं का विस्तार और पर्यावरणीय संतुलन को लेकर प्रभावी पहल की आशा की जा रही है।

नगर निगम द्वारा बताया गया कि आने वाले दिनों में श्री कुमार शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा करेंगे और स्वयं जमीनी स्तर पर समस्याओं का आंकलन कर त्वरित निर्णय लेंगे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.