पांच दिवसीय बैंकिंग की लड़ाई तेज, राष्ट्रव्यापी हड़ताल से पहले बैंक कर्मियों का शक्ति प्रदर्शन
Five-day banking battle intensifies, bank employees show strength before nationwide strike
IPN Live
Lucknow, 25 Sep, 2026 08:51 PMसरकार पर दबाव और धमकी की राजनीति का आरोप, मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
लखनऊ, (आईपीएन)। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मियों का आंदोलन निर्णायक चरण में पहुंचता दिख रहा है। तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल से पहले शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर जोरदार प्रदर्शन किया और रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बैंक कर्मी शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संघर्ष को और तेज करने का ऐलान किया।
"संघर्ष की एकजुटता से सरकार घबराई, दबाव की राजनीति कर रही"
बैंक नेताओं एस.के. संगतानी और लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बैंक कर्मचारियों की पांच दिवसीय बैंकिंग सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें डराने और दबाव में लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकता और संघर्षशीलता से सरकार घबराई हुई है और यही आंदोलन की शुरुआती सफलता का संकेत है।
संदीप सिंह और वी.के. माथुर ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन के माध्यम से कर्मचारियों और अधिकारियों को एफआईआर तथा तबादले का भय दिखाया जा रहा है, जो अत्यंत निंदनीय है। वहीं अशोक अग्रवाल और सचिन केशरवानी ने बैंक कर्मियों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार से सतर्क रहने की अपील की।
"रविवार को बैंक खोलने के आदेश का होगा विरोध"
शकील अहमद, राकेश पाण्डेय और धनंजय सिंह ने बताया कि रिजर्व बैंक सहित कई अन्य विभागों के कर्मचारी संगठनों का भी आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। वहीं आशुतोष वर्मा, तारकेश्वर चौहान, आकाश शर्मा, शिव कुमार सिंह और बृजेश तिवारी ने आरोप लगाया कि एसबीआई और पीएनबी समेत कई बैंकों के प्रबंधन ने द्विपक्षीय समझौतों के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए 27 सितंबर को बैंक खोलने के निर्देश जारी किए हैं, जिसका कर्मचारी संगठन विरोध करेगा।
स्वाति सिंह, भारती शर्मा, आनंद सिंह, अभिषेक, गौरव और विंध्य विक्रम सहित अन्य बैंक कर्मियों ने ऐसे आदेशों को सिरे से खारिज करते हुए उनका पालन न करने की बात कही।
28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल, फिर अनिश्चितकालीन आंदोलन की तैयारी
फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि बैंक कर्मियों के फोरम द्वारा 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी अपनी मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रखेंगे और आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
#BankStrike #FiveDayBanking #BankEmployees #NationwideStrike #Lucknow #SBI #PNB #BankingSector #BankProtest #TradeUnion #BankWorkers #UPNews #StrikeAlert #PublicSectorBanks #LabourMovement

No Previous Comments found.