फास्ट फूड चेन और रेस्टोरेंट्स पर एफएसडीए का बड़ा शिकंजा, 12 प्रतिष्ठान और एक फूड कोर्ट बंद
FSDA cracks down on fast food chains and restaurants, shutting down 12 establishments and a food court
IPN Live
Lucknow, 22 Sep, 2026 08:22 AMलखनऊ, 22 सितंबर (आईपीएन)। प्रदेश में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत सोमवार को पांच बड़े शहरों में फास्ट फूड रिटेल चेन एवं रेस्टोरेंट्स के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 12 प्रतिष्ठानों और एक फूड कोर्ट का खाद्य कारोबार बंद करा दिया गया, जबकि उनके लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में 180 से अधिक फास्ट फूड आउटलेट्स एवं रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 110 से अधिक सुधार सूचनाएं (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी की गईं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जहां गंभीर अनियमितताएं पाई जा रही हैं, वहां कमियां दूर होने तक कारोबार संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
पांच शहरों में चला विशेष अभियान
एफएसडीए की टीमों ने कानपुर नगर में 52, आगरा में 38, गाजियाबाद में 80, प्रयागराज में 30 तथा वाराणसी में 40 यूनिट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य भंडारण, कीट नियंत्रण, ड्रेनेज व्यवस्था, खाद्य लेबलिंग तथा वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक्करण की विशेष रूप से जांच की गई।
कानपुर में फूड कोर्ट समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
कानपुर नगर में अभियान के दौरान सबसे अधिक गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रेव मोती मॉल स्थित फूड कोर्ट में अत्यधिक गंदगी, खराब स्वच्छता, क्षतिग्रस्त दीवारें और खाद्य सामग्री को फर्श पर रखे जाने जैसी कमियां पाए जाने पर वहां संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए।
सफायर मॉल स्थित ला पीनोज पिज्जा में इंसेक्ट संक्रमण, एक्सपायर्ड सॉस एवं ड्रेसिंग्स का इस्तेमाल, वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों का उपयोग तथा निम्न गुणवत्ता का पनीर पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
स्वरूप नगर स्थित वेलफेल सैम/केशव राज एंड संस में खाद्य उत्पादों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और सामग्री का विवरण दर्ज नहीं पाया गया। उपभोक्ता हितों की अनदेखी को देखते हुए कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
इसी तरह स्क्वायर मॉल स्थित ‘नी हाउ’ में चोक्ड ड्रेनेज, खराब स्वच्छता तथा वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के प्रयोग की स्थिति मिली। वहीं बिरयानी क्वीन में आटे में कीड़े, अत्यधिक गंदगी तथा बार-बार उपयोग किए गए खाद्य तेल मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई।
एम ब्लॉक किदवई नगर स्थित स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट और हरबंस मोहाल के ग्लोबल बेकर्स एंड कैफे में भी गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
आगरा में ड्रेनेज और स्वच्छता बनी कार्रवाई का कारण
आगरा के सदर बाजार स्थित द पार्क रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम चोक्ड मिला तथा किचन क्षेत्र की स्वच्छता बेहद खराब पाई गई। विभाग ने हाइजीन एवं सैनिटेशन व्यवस्था में सुधार होने तक खाद्य कारोबार बंद करने की संस्तुति की है।
वाराणसी में कैफे और पिज्जा आउटलेट जांच के दायरे में
वाराणसी के महमूरगंज स्थित कैफे कॉफी डे ग्लोबल लिमिटेड में क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग, गंदा स्टोरेज एरिया और अस्वच्छ शौचालय पाए गए, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका जताई गई।
अर्दली बाजार स्थित ला पीनोज आउटलेट में डस्टबिन के आसपास कीट संक्रमण और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली।
प्रयागराज में संदिग्ध मिला कच्चा मांस
प्रयागराज के पीवीआर मॉल स्थित आर्यन फैमिली डेलाइट में रॉ मैटेरियल और तैयार खाद्य पदार्थों के भंडारण की उचित व्यवस्था नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान कच्चे मांस की गुणवत्ता संदिग्ध मिली, जबकि स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। मामले में विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद में 80 यूनिट्स की जांच
गाजियाबाद में 36 टीमों ने 80 फास्ट फूड रिटेल चेन यूनिट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य गुणवत्ता, किचन स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, कीट नियंत्रण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां सुधार नोटिस जारी किए गए और गंभीर मामलों में कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
सुरक्षित भोजन और जागरूक उपभोक्ता पर जोर
एफएसडीए अधिकारियों का कहना है कि ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराना है। विभाग की टीमें लगातार किचन हाइजीन, फूड स्टोरेज, ड्रेनेज, पेस्ट कंट्रोल, रॉ मैटेरियल की गुणवत्ता और वेज-नॉनवेज सेग्रीगेशन जैसे पहलुओं की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि सुधार योग्य कमियों पर सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बनने वाली अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-आईपीएन
#ShuddhHiShubhHai #FoodSafety #UPFDA #FoodDepartmentUP #FoodSafetyDrive #RestaurantInspection #FastFoodChains #FoodQuality #ConsumerSafety #SafeFood #HygieneStandards #FoodBusiness #PublicHealth #FoodAlert #UPNews #BreakingNews #Kanpur #Ghaziabad #Agra #Prayagraj #Varanasi #Lucknow #HindiNews #IPNNews #FoodSafetyAudit #CleanKitchen #FoodInspection #HealthFirst #IndiaNews #TrendingNews

No Previous Comments found.