KSSSCI में डिजिटल पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ, AI से कैंसर निदान को मिलेगी नई दिशा

Digital Pathology Lab Launched at KSSSCI, AI Will Give New Direction to Cancer Diagnosis

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 27 Oct, 2026 09:16 PM

पैथोलॉजी स्थापना दिवस पर विशेषज्ञों ने कैंसर की जांच में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर की चर्चा

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (KSSSCI), लखनऊ में मंगलवार को पैथोलॉजी स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग में स्थापित इस लैब का शुभारंभ किया। नई सुविधा से कैंसर के नमूनों की जांच, सटीक निदान और जांच प्रक्रिया की गुणवत्ता को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा के स्वागत संबोधन और विभाग की प्रगति के विवरण से हुई। मेदांता, लखनऊ के पैथोलॉजी एवं लैब मेडिसिन विभाग की निदेशक प्रो. मधुमति गोयल मुख्य अतिथि रहीं। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS), लखनऊ के पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं डीन प्रो. मनोज जैन ने स्थापना दिवस व्याख्यान दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने की।

कैंसर के सटीक निदान में डिजिटल तकनीक अहम

प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि कैंसर का सटीक और समयबद्ध निदान करने में पैथोलॉजी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजिटल पैथोलॉजी जैसी आधुनिक सुविधाओं से जांच की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ विशेषज्ञों के बीच बेहतर सहयोग स्थापित किया जा सकता है।


KSSSCI में डिजिटल पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ, AI से कैंसर निदान को मिलेगी नई दिशा

कैंसर पैथोलॉजी में AI की भूमिका पर व्याख्यान

स्थापना दिवस व्याख्यान में प्रो. मनोज जैन ने ‘कैंसर पैथोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: अनुप्रयोग, चुनौतियां एवं भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कैंसर के निदान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता और पैथोलॉजी के क्षेत्र में इसके संभावित योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान फ्रोजन सेक्शन में नमूनों को फ्रीज करने से संबंधित आवश्यक संकेतों, निषेधों और प्रक्रिया स्थगित करने की परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा क्विज, पोस्टर और मीम प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

संस्थान के चिकित्सक और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता और कार्यकारी रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया सहित संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा ने विभाग की उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी। आयोजन सचिव एडिशनल प्रोफेसर डॉ. श्रेष्ठा घोष तथा संयुक्त आयोजन सचिव असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका समीर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

#KSSSCI #CancerResearch #DigitalPathology #CancerDiagnosis #ArtificialIntelligence #LucknowNews #MedicalResearch #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.