सावन के दूसरे सोमवार सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक
CM Yogi performed Rudrabhishek on the second Monday of Sawan
IPN Live
Lucknow, 11 Aug, 2026 12:25 AMभगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र और कमल पुष्प अर्पित कर जल व गोदुग्ध से किया अभिषेक, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
गोरखपुर, 10 अगस्त 2026 (IPN)। सावन माह के दूसरे सोमवार के अवसर पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार अपराह्न गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से विश्व कल्याण और समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं शांति की प्रार्थना की।
गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास के प्रथम तल पर बने शक्तिपीठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद उन्होंने जल और गोदुग्ध से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अनुष्ठान
रुद्राभिषेक का अनुष्ठान मठ के विद्वान आचार्यों एवं पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि-विधान से अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान देवाधिदेव महादेव से देश और दुनिया के कल्याण तथा सभी नागरिकों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
#Sawan #SawanSomwar #Rudrabhishek #YogiAdityanath #CMYogi #GorakhnathMandir #Mahadev #HarHarMahadev #ShivBhakti #Gorakhpur #UttarPradesh #UPNews #IPN #IPNNews

No Previous Comments found.