अखिलेश 30 लाख नौकरियों का हिसाब दें, पहले बताएं सपा के चार कार्यकाल में कितने युवाओं को रोजगार दिया: योगी
Akhilesh should give account of 30 lakh jobs, first tell how many youth were given employment during the four terms of SP: Yogi
IPN Live
Lucknow, 27 Nov, 2026 07:17 PMलखनऊ, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि 30 लाख नौकरियां देने का दावा करने वाले पहले यह बताएं कि सपा की चार बार की सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली? उन्होंने कहा कि हमारी सरकार करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। सपा-बसपा के सात कार्यकालों में जितनी नियुक्तियां नहीं हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां हमारी सरकार ने की हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि नियुक्ति पत्रों की संख्या सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे तो सिर्फ नोट गिनना आता है। अखिलेश यादव को अपना अतीत बताना चाहिए। जब पास्ट अच्छा नहीं है तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया की पहचान निष्पक्षता और पारदर्शिता बन चुकी है। किसी अभ्यर्थी से पैसे की मांग नहीं की गई, न किसी को धमकाया गया और न ही चयन प्रक्रिया में किसी तरह की खामी सामने आई। नियुक्ति पत्र महज सरकारी नौकरी पाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और प्रतिभा का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि नियुक्तियों का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इनमें लगभग आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
भर्ती के नाम पर वसूली करती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार नहीं मिलता था। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी। उन्होंने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश की भर्ती व्यवस्था 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' फिल्म का जीवंत उदाहरण बन गई थी।
मुख्यमंत्री ने 2015-16 की पीसीएस भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का टॉपर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक में थर्ड डिवीजन पास था, लेकिन वह पीसीएस में टॉप कर एसडीएम के पद पर चयनित हो गया। उसने टॉप किया नहीं था, बल्कि उसे टॉप करवाया गया था। ऐसी व्यवस्था में मेहनती युवाओं की प्रतिभा और भविष्य के साथ अन्याय होता था।
उन्होंने कहा कि हाल ही में लखनऊ में मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना का बयान पढ़ा तो सपा शासनकाल की भर्ती व्यवस्था याद आ गई। उस दौर में आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी और को मिल जाती थी। हमारी सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर योग्य अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर दिया है। आज थारू जनजाति के नौजवान से लेकर पिछड़े समाज की बेटियों तक को निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से नौकरी मिल रही है। यह नए उत्तर प्रदेश में सामाजिक समावेश और समान अवसरों का प्रमाण है।
तीन गुना हुई प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़कर लगभग साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। प्रदेश का वार्षिक बजट बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। सरकार का प्रयास है कि बजट का दायरा बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ें। हमने वित्त मंत्री से कहा है कि आप बजट का दायरा बढ़ाइए, हम नियुक्तियों का दायरा बढ़ाते जाएंगे। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
ओपीएस की बात करने वाले बताएं, एनपीएस किसने लागू की थी
मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस देने की बात करता है, लेकिन यह भी बताए कि न्यू पेंशन स्कीम किसने लागू की थी? 2017 में सत्ता संभालने के बाद जानकारी मिली कि 2005 से 2017 तक एनपीएस के तहत न तो कर्मचारियों के खाते खोले गए थे और न ही सरकार ने अपना अंशदान जमा किया था। इस स्थिति को सुधारने के लिए समिति गठित की गई। सरकार ने अपना अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये बजट से उपलब्ध कराकर कर्मचारियों के खातों में धनराशि पहुंचाई।
गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी को लेकर सपा पर हमला
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट का बजट 167 करोड़ रुपये था, लेकिन इस पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च हो गए और परियोजना अधूरी रही। इसी तरह जेपीएनआईसी की डीपीआर 200 करोड़ रुपये की थी, लेकिन 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं हुई। लोकनायक जैसे महापुरुष के नाम पर बनने वाली परियोजना में भी भ्रष्टाचार किया गया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को संदेश दिया कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए तो उसका हिस्सा न बनें।
कट्टा-बम बनाने वाला युवा आज ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल बना रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का युवा कट्टा-बम बनाने के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही युवा ब्रह्मोस मिसाइल और कलाश्निकोव-203 राइफल के निर्माण जैसे आधुनिक रक्षा उत्पादन से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहा है। सरकार ने एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों को तकनीकी विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में शामिल कराया है।
उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपनी सफलता को परिवार और समाज के साथ साझा करें तथा मेरिट से कभी समझौता न करें। सरकार किसी पर कृपा नहीं कर रही, बल्कि युवाओं के परिश्रम और प्रतिभा का सम्मान कर रही है। युवाओं को अपनी कार्यशैली से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत बनाते हुए उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का सारथी बनना है।
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस. जी, सचिव वित्त संदीप कौर सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के हाथों इन अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए नवचयनित अभ्यर्थियों झांसी के श्रीकृष्ण कांत व्यास, मैनपुरी के अभय प्रताप सिंह, संत कबीर नगर की दीपमाला, मुरादाबाद की सोनम सैनी, अंबेडकर नगर के शशांक त्रिपाठी, अयोध्या के गौरव पांडेय, गोरखपुर के कृष्ण रमन, मुरादाबाद के मोहित चौहान, बलिया की डिम्पल यादव, चंदौली के उत्तम कुमार सिंह, आजमगढ़ के रोहन सोनकर, रायबरेली की ममता यादव, जौनपुर के अभिषेक कुमार यादव, कानपुर नगर की ऋतिका सोनकर, आजमगढ़ के सानिध्य सिंह, शाहजहांपुर के उत्सव सक्सेना, सहारनपुर के राजदीप, लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार, प्रयागराज के अभिषेक कुमार और लखनऊ की संस्कृति मेहरोत्रा को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
#YogiAdityanath #AkhileshYadav #UPPolitics #UPJobs #Rozgar #UPSSSC #YouthEmployment #UttarPradesh #BJP #SamajwadiParty #Lucknow #GovernmentJobs #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.